हाटी समुदाय ने निकाली आक्रोश रैली, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

Saturday, Dec 16, 2023 - 09:12 PM (IST)

शिलाई, (नाहन) (आशु): पिछले 4 महीने से एस.टी. कानून लागू न होने से हाटी समुदाय के सब्र का बांध अब टूटता नजर आ रहा है। शनिवार को हाटी समुदाय ने शिलाई में आक्रोश महारैली निकाली। इस दौरान सरकार व उद्योग मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। यह भी ऐलान किया कि यदि अब भी सरकार नहीं जागी तो प्रदेश सचिवालय का घेराव किया जाएगा। हाटी युवा विचार मंच के बैनर तले आयोजित रैली में शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव सिंह तोमर सहित केंद्रीय हाटी समिति के पदाधिकारी शामिल हुए। इसके बाद एस.डी.एम. के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को ज्ञापन भेज कर जल्द एस.टी. कानून को लागू करने की मांग दोहराई गई।

उद्योग मंत्री की धमकियों से डरने वाला नहीं हाटी समुदाय : तोमर
पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने कहा कि उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने एक दिन पहले ही एक अलग से शिलाई में कार्यक्रम कर लिया। आज यह परिस्थिति हो गई है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और स्थानीय विधायक इतने बड़े मंत्री होने के बावजूद हाटी समुदाय का सामना नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खुले मंच से जिस तरीके से उद्योग मंत्री धमकियां दे रहे हैं, उसे शिलाई की जनता सहने वाली नहीं है। वह जितने मर्जी केस दर्ज करवा लें, आंदोलन कम नहीं होगा।

नहीं तो शिमला सचिवालय का घेराव किया जाएगा
रैली में केंद्रीय हाटी समिति के महासचिव कुंदन सिंह शास्त्री, उपाध्यक्ष फकीर चंद चौहान, सुरेंद्र हिंदुस्तानी सहित वेद प्रकाश ठाकुर, डा. रमेश सिंगटा, लाल सिंह ठाकुर, बलबीर ठाकुर, दलीप सिंह चौहान, श्यामा ठाकुर, सुमति चौहान व कुलदीप चौहान ने कहा कि अब हाटी समुदाय अपने हक को पाने के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ने को तैयार है। यदि प्रदेश सरकार अब भी एस.टी. कानून को लागू नहीं करती है तो शिमला सचिवालय का घेराव किया जाएगा।

 

 

Content Writer

Kuldeep