हिमाचल में भेड़पालक की ह/त्या, तीखी बहस के बाद 2 साथियों ने बुरी तरह पीट डाला...दोनों गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 05:49 PM (IST)

Kinnaur News : हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले से एक दिल-दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पर बुधवार को एक भेड़पालक का शव बरामद हुआ। वहीं, पुलिस ने हत्या के आरोप में दो अन्य भेड़ पालकों को गिरफ्तार किया है और दोनों से पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के नेशनल हाईवे-पांच पर पानवी पुल के पास का है। मृतक की पहचान शिमला जिला के रामपुर तहसील, गानवी निवासी जगदीश (48) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीते मंगलवार की रात को जगदीश दो अन्य भेड़पालकों के साथ वांगतू से रामपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पानवी पुल के पास तीनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। यह बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों साथियों ने जगदीश पर जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट के कारण सिर और शरीर पर आई गंभीर चोटों की वजह से जगदीश की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद, एक आरोपी ने खुद भावानगर पुलिस थाने पहुंचकर घटना की पूरी जानकारी दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों नंद लाल (37, निवासी ग्रांगे, किन्नौर) और सुनील कुमार (47, निवासी पशाडा, रामपुर) को गिरफ्तार कर लिया है। किन्नौर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुशील कुमार शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma