लोकसभा चुनाव को लेकर शांता ने दिया बड़ा बयान, जानिए क्या बोले (Video)

Thursday, Mar 29, 2018 - 08:10 PM (IST)

पालमपुर: लोकसभा चुनाव को लेकर दिग्गज भाजपा नेता शांता कुमार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा मैदान में रहे हैं और हमेशा मैदान में रहेंगे। मैदान से कभी न हटे हैं और न कभी हटेंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी को अवगत करवा दिया है कि चुनाव लड़ते हुए उन्हें लंबा अरसा हो गया है, ऐसे में अब पार्टी किसी और को चुनाव मैदान में उतारे। उन्होंने कहा कि पार्टी के पास कई सक्षम कार्यकर्ता हैं, ऐसे में पार्टी उन्हें पुन: चुनाव लडऩे के लिए कहे ऐसी नौबत नहीं आएगी।


नाइजीरिया में फंसे युवकों को छुड़ाएगी सरकार
नाइजीरिया में बंधक कांगड़ा के युवकों के संबंध में उन्होंने कहा कि भारत सरकार तथा विदेश मंत्रालय ने जहाज की मालिक कंपनी का पता लगा लिया है, ऐसे में भारत सरकार तथा नाइजीरिया सरकार ने कंपनी को मामला सुलझाने का निर्देश दिया है। वहीं भारत सरकार भी पूरी दृढ़ता से इस मामले को सुलझाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि वह, केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इस संबंध में विदेश मंत्रालय तथा भारत सरकार के समक्ष दृढ़ता से मामला उठा चुके हैं। उन्होंने कहा कि मामला नाजुक है परंतु भारत सरकार पूरी तरह से इन युवकों को छुड़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।


सरकारी संपत्ति पर यतीमों की संपत्ति समझकर हो रहे कब्जे
अनधिकृत निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार की संपत्ति को यतीमों की संपत्ति समझकर उस पर बेधड़क कब्जे किए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कब्जे किए नहीं अपितु करवाए जाते हैं तथा भ्रष्टाचार इसके पीछे एक प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में यह स्थिति है तथा प्रदेश तथा पालमपुर भी इससे अछूता नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारों को अपनी संपत्ति की रक्षा दृढ़ता से करनी चाहिए तथा यह संदेश नहीं जाना चाहिए कि कोई भी प्रभावशाली व्यक्ति या भ्रष्टाचार तथा पैसे के बल पर सरकारी संपत्ति पर अवैध रूप से कब्जा किया जाए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्होंने स्थानीय प्रशासन को भी निर्देश दिए हैं कि सरकार की भूमि पर 1 इंच भी अवैध कब्जा न हो इसे सुनिश्चित बनाया जाए।

Punjab Kesari