दिल्ली में हिमाचल की इन 2 बड़ी योजनाओं के मुद्दे को उठाएंगे शांता कुमार

Wednesday, Jan 24, 2018 - 12:27 AM (IST)

पालमपुर: शांता कुमार ने कहा कि पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राज मार्ग फोरलेन का काम प्रारम्भ करवाने का प्रयास किया जाएगा, वहीं पठानकोट-मंडी-लेह-लद्दाख रेलवे लाइन के सर्वे के काम को आगे बढ़ाने की कोशिश भी की जाएगी। दिल्ली रवाना हाने से पूर्व शांता कुमार ने यह बात कही। लोकसभा सत्र तथा एक आवश्यक समिति की बैठक के दृष्टिगत शांता कुमार दिल्ली रवाना हुए हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं तथा रामस्वरूप शर्मा विशेष रूप से पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राज मार्ग, फोरलेन का काम प्रारम्भ करवाने का प्रयास करेंगे। इसके साथ पठानकोट-मंडी-लेह-लद्दाख रेलवे लाइन के सर्वे के काम को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे। इन 2 योजनाओं पर कई लाख करोड़ रुपए खर्च होंगे। जब इन योजनाओं का काम शुरू होगा तो हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा और दोनों योजनाएं पूरा होने पर हिमाचल प्रदेश विश्व के पर्यटन के मानचित्र पर आ जाएगा। ये 2 योजनाएं ही इस क्षेत्र का भाग्य बदल देंगी।

28 जनवरी से कांगड़ा के प्रवास पर आएंगे मुख्यमंत्री 
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार जयराम ठाकुर कांगड़ा के प्रवास पर 28 जनवरी से आ रहे हैं। वह उनके आगमन पर उनका हार्दिक स्वागत करते हैं। लोकसभा सत्र तथा एक आवश्यक समिति की बैठक के कारण उन्हें आज ही दिल्ली जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भारतीय जनता पार्टी की अगली युवा पीढ़ी का नेतृत्व करते हंै। छात्र जीवन से संगठन के साथ जुडे रहे। वह एक साधारण परिवार से संबंध रखते हैं। परिश्रम, ईमानदारी और निरंतर संघर्ष के कारण वह एक साधारण कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री के पद पर पहुंचे हंै। भाजपा के लिए यह बड़े ही सौभाग्य की बात है।

विकास में नहीं रहेगी किसी प्रकार की कमी
उन्होंने कहा कि आज केंद्र में भाजपा की सरकार है और अब प्रदेश में भी भाजपा सरकार बन चुकी है। विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। इस बार के लोकसभा के अधिवेशन मे प्रदेश से संबंधित सभी सांसद हिमाचल के लोकहित के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि विकास के लिए कुछ और योजनाओं पर भी हम सभी बैठकर चर्चा करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री से भी इस संबंध में बात की जाएगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार विशेष परियोजनाएं तैयार करे और सभी सांसद इन योजनाओं को दिल्ली में स्वीकृत करवाने की कोशिश करेंगे।