शांता कुमार बोले-जिन्ना की बात मानी होती तो नहीं होता लाखों लोगों का कत्लेआम

Saturday, Jan 04, 2020 - 07:43 PM (IST)

पालमपुर (मुनीष): भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने कहा कि मैं जिन्ना का बहुत विरोध करता हूं, निंदा करता हूं लेकिन एक बात के लिए तारीफ करता हूं। जब भारत का विभाजन होने लगा था तो जिन्ना ने कहा कि धर्म के नाम पर बंटबारा हो रहा है। सब मुस्लमानों को पाकिस्तान और सब हिंदुओं को हिंदुस्तान भेज दो लेकिन महात्मा गांधी ने कहा कि नहीं पाकिस्तान में हिंदू रहेगा। हिंदुस्तान में मुस्लिम भी रहेगा। अगर उस समय जिन्ना की बात मान ली होती तो लाखों लोगों का कत्लेआम नहीं होता। शांता कुमार शनिवार को पालमपुर में भाजपा मंडल पालमपुर की ओर से आयोजित नागरिकता संशोधन अधिनियम के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बोल रहे थे। 

उन्होंने कहा कि मैं हैरान हूं कि इस कानून का विरोध किस बात पर हो रहा है। कुछ लोग बिना कारणों से इसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस कानून का विरोध करने का कोई सवाल ही नहीं उठता। यह काननू किसी के खिलाफ नहीं है, जो निर्णय भारत सरकार ने किया वो अच्छा निर्णय है। अगर कोई भी ईमानदारी से सोचेगा तो विरोध का कोई प्रश्न ही नहीं है। किसी का कुछ छीनने का कानून नहीं है। भारत में सभी लोग रहते हैं। दुनिया में 190 देश हैं। इनमें से सौ देशों में मुस्लिम जा सकता है रह सकता है। हिंदुओं के लिए केवल हिंदुस्तान है। पाकिस्तान, बंग्लादेश, अफगानिस्तान में जो हिंदु रहे उनकी प्रताड़ता हुई। 1947 में पाकिस्तान में 31 प्रतिशत हिंदू थे लेकिन आज वहां केवल 3 प्रतिशत रह गए हैं बाकि 26 प्रतिशत लाखों हिंदू कहां गए। 

इस मौके पर भाजपा नेता इंदू गोस्वामी ने कहा कि इस कानून में ऐसा कुछ नहीं है, जिससे भारत में रह रहे लोगों को कोई परेशानी हो। लेकिन कुछ लोग बिना कारणों के इस मामले में लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा मंडल पालमपुर इस मामले को लेकर लोगों को सही जानकारी देगा। इस मौके पर भाजपा मंडल के जिलाध्यक्ष हरीदत्त शर्मा, मंडल अध्यक्ष अभिमन्यु भट्ट व पंचम राणा ने भी अपने विचार रखे। बाद में पालमपुर बाजार में सीएए के समर्थन में एक रैली भी निकाली गई। 

Edited By

Simpy Khanna