नेहरू परिवार की गुलामी में समाप्त हो जाएगी कांग्रेस: शांता कुमार

Wednesday, Aug 14, 2019 - 10:12 AM (IST)

सोलन (नरेश पाल): पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि कांग्रेस नेहरू परिवार से बाहर निकल कर ही देश में फिर से मजबूत हो सकती है। इस परिवार की गुलाम रह कर देश की सबसे पुरानी राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस समाप्त हो जाएगी। कांग्रेस के पास इस बार मौका था। कांग्रेस को अब किसी युवा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाना चाहिए। शांता कुमार ने सोलन में पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस में योग्य लोगों की कमी नहीं है। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी व वरिष्ठ नेता कर्ण सिंह जैसे नेताओं के आशीर्वाद व मार्गदर्शन में कांग्रेस को किसी युवा को पार्टी की राष्ट्रीय कमान देनी चाहिए। 

विपक्ष का मजबूत होना बहुत आवश्यक

शांता कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष का मजबूत होना बहुत आवश्यक है। देश में कांग्रेस सबसे पुरानी आल इंडिया पार्टी है। यह एक दिन में नहीं बनी है। उन्होंने लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि हम तो जीत गए लेकिन लोकतंत्र थोड़ा कमजोर हो गया क्योंकि 18 राज्यों में कांग्रेस का सफाया ही हो गया, जिससे विपक्ष कमजोर हो गया। क्षेत्रीय दल मिलकर मजबूत विपक्ष नहीं दे सकते।

कांग्रेस में योग्य लोगों की नहीं है कमी

शांता कुमार ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल विहारी वाजपेयी देश में एक ऐेसे प्रधानमंत्री थे जिन्होंने 22 दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ा, जीता और 5 वर्ष तक सफलता के साथ सरकार चलाई। उन्होंने कहा कि शिमला से दिल्ली तक विपक्ष अब विरोध के लिए विरोध कर रहा है। क्या कोई भी सरकार अच्छा काम नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि जब वह विपक्ष में होते थे तो सबसे पहले सरकार की अच्छी योजनाओं की तारीफ करते थे और सुझाव भी देते थे। उन्होंने सरकार व विपक्ष को सलाह देते हुए कहा कि आपस में मिल बैठकर बातचीत करें। हिमाचल की राजनीति की यही परंपरा थी। जिला कांगड़ा में भाजपा में उठे विरोध के स्वर के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर वह ङ्क्षचतित हैं। जल्द ही सब कुछ ठीक हो जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री का कहना है कि अब सेवा की राजनीति नहीं रही है। इस मौके पर पूर्व मंत्री महेन्द्र नाथ सोफत, वरिष्ठ भाजपा नेता डा. राजेश कश्यप, धर्म चंद गुलेरिया व शैलेन्द्र गुप्ता सहित कई नेता उपस्थित थे।

सपने होंगे पूरे

पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने हिमाचल की नई पर्यटन नीति के लिए जयराम सरकार को पूरे नंबर दिए हैं। उन्होंने कहा कि अब हमारे अधूरे सपने पूरे होंगे। हिमाचल भारत का स्विट्जरलैंड बनेगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध कब्जों के मामले में सरकार को उस समय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए जिनके समय में अवैध कब्जे हुए हैं। शांता कुमार ने कहा कि सोलन के हरठ में स्थित हैरिटेज पार्क धार्मिक पर्यटन का सबसे बड़ा केन्द्र बन सकता है। वह मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे कि इस मंदिर की भव्यता को देखते हुए बेहतर सड़क का निर्माण किया जाए ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को सुविधा मिल सके।
 

Ekta