कार्यकर्ताओं से पार्टी और पार्टी से बनती है सरकार: शांता कुमार

Sunday, Jul 07, 2019 - 09:51 AM (IST)

पालमपुर (भृगु): भाजपा द्वारा पालमपुर में संगठन पर्व के अंतर्गत नए सदस्यों को जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान आरंभ किया गया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने नए सदस्यों से प्रपत्र भरवाकर इस अभियान को आरंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश सदस्यता अभियान के सह प्रमुख डा. राजीव भारद्वाज भी उपस्थित रहे। शांता कुमार ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संगठन की रीढ़ है तथा कार्यकर्ताओं से पार्टी बनती है तथा पार्टी से सरकार बनती है। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनी सरकार नए भारत के निर्माण का संकल्प लेकर कार्य कर रही है। संगठन को सुदृढ़ बनाने के लिए नए सदस्यों को जोड़ने का अभियान डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्मदिवस पर आरंभ किया गया है।

देश की सबसे प्रमुख कश्मीर समस्या के समाधान के लिए डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने आंदोलन आरंभ किया, जेल गए तथा अपना बलिदान दिया। शांता कुमार ने कहा कि वर्ष 1953 में श्याम प्रसाद मुखर्जी के आग्रह पर ही उन्होंने पहली बार जनसंघ की सदस्यता ली तथा दूसरे दिन इसी अभियान के अंतर्गत जेल चले गए। शांता कुमार ने कहा कि केंद्र में अनुराग ठाकुर महत्वपूर्ण विभाग के मंत्री बने हैं जबकि हिमाचल के ही जगत प्रकाश नड्डा विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के कार्यकारी अध्यक्ष बने हैं तथा शीघ्र ही वह स्थायी अध्यक्ष बनेंगे। उन्होंने कहा कि यह हिमाचल के लिए गौरव की बात है। ऐसे में कार्यकर्ताओं का दायित्व बढ़ जाता है। सदस्यता अभियान के प्रदेश सह प्रमुख डा. राजीव भारद्वाज ने कहा कि पार्टी के सत्ता सेवा का माध्यम है तथा देश को उसके परम वैभव तक ले जाने का एक माध्यम है।

4 दशक बाद शांता से मिलने पहुंचे उनके शतक वीर मित्र

शांता कुमार से अचानक लगभग 4 दशक बाद मिलने उनके शतकवीर मित्र पहुंचे। 41 वर्ष बाद हुए इस मिलन में बातें भी खूब हुईं तो यादें भी सांझा की गईं। किशोरी लाल पराशर 101 वर्ष हैं। पहली बार जब शांता कुमार मुख्यमंत्री बने थे तब दोनों में मुलाकात हुई थी। जानकारी के अनुसार किशोरी लाल पराशर कायाकल्प में उपचार के लिए आए हुए हैं। बातों-बातों में शांता कुमार ने उन्हें बताया कि 66 वर्ष पहले उन्होंने भारतीय जनसंघ की सदस्यता ली थी तथा अगले दिन कश्मीर आंदोलन को लेकर जेल चले गए थे। इस पर किशोरी लाल पराशर ने बताया कि शांता कुमार के दिशा-निर्देशों पर उन्होंने भी प्रदेश में खूब काम किया था।

Ekta