सांसद निधि से जारी धनराशि खर्च न करने पर शांता नाराज, लिया ये बड़ा फैसला

Friday, Aug 31, 2018 - 09:24 PM (IST)

पालमपुर: सांसद शांता कुमार ने पूर्व में सांसद निधि के अंतर्गत जारी धनराशि व्यय न किए जाने पर कड़ा रुख अपनाया है, ऐसे में उन्होंने उस धनराशि को वापस लेने तथा इसे नई योजनाओं पर व्यय करने का निर्णय लिया है। बताया जा रहा है कि शांता कुमार ने इस संबंध में प्रशासन से ब्यौरा मांगा है। विदित रहे कि शांता कुमार ने अपनी सांसद निधि से प्रत्येक मंडल को 15 लाख की धनराशि जारी की, वहीं प्रत्येक मंडल में पेयजल आपूर्ति के लिए ट्यूबवैल स्थापित करने के लिए 5 लाख की अतिरिक्त धनराशि जारी करने का निर्णय लिया है परंतु पूर्व में जारी धनराशि के अभी तक कुछेक स्थानों पर संबंधित कार्यों पर खर्च न हो पाने पर उन्होंने अपनी खिन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कांगड़ा-चम्बा क्षेत्र के सभी भाजपा मंडलों को 15 लाख की विकास की योजनाएं और 5 लाख रुपए का एक ट्यूबवैल लगाने की सूची उन्हें तुरन्त भेजने का आग्रह किया है।

पूर्व में स्वीकृत योजनाओं को रद्द करने का लिया निर्णय
सभी मंडल अध्यक्षों, विधायकों व प्रत्याशियों को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि कई स्थानों पर पूर्व में स्वीकृत की गई सांसद निधि खर्च ही नहीं की गई है। उन्होंने इस राशि की सूचना प्रशासन से मंगवा कर पूर्व में स्वीकृत योजनाओं को रद्द करने और उस राशि का भी आबंटन करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अधिकतर स्थानों पर पानी की पुरानी योजनाएं, नए मकान बनने और अधिक नल होने के कारण पर्याप्त पानी का वितरण नहीं हो रहा है। प्रत्येक मंडल में संबंधित विभाग के अधिकारियों से चर्चा करके एक ऐसा स्थान चुन कर ट्यूबवैल लगाने की योजना बनाएं, जिससे उस ट्यूबवैल से पानी के वितरण में सहयोग मिल सकता है। उन्होंने अपनी सांसद निधि से एक करोड़ केवल ट्यूबवैल लगवाने के लिए रखे।

मंडल की एक बैठक बुलाकर बनाएं सूची
उन्होंने आग्रह किया है कि इन सभी योजनाओं का निर्णय करने के लिए पूरे भाजपा मंडल को विश्वास में लिया जाए। मंडल की एक बैठक बुलाकर सूची बनाएं और उस सूची पर विधायक या उम्मीदवार, मंडल प्रधान और महामंत्री इन तीनों के हस्ताक्षर अवश्य हों। उन्होंने कहा कि ये सूचियां उन्हें इस वर्ष 15 सितम्बर तक अवश्य मिल जानी चाहिएं। उन्होंने हैरानी व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ मंडल धन लेने में भी देर करते हैं। कुछ मंडलों ने अभी तक भी पिछली बार का दिया हुआ धन नहीं लिया है। वेसब धन अब वह समाप्त कर रहे हैं। यदि अगले आबंटन में भी विलंब हुआ तो वह धन भी अन्य मंडलों में दे दिया जाएगा।

Vijay