शाह नवाज ने साधा निशाना, बोले-विस चुनावों के बाद इन 2 राज्यों से ऑल आऊट होगी कांग्रेस

Saturday, Sep 16, 2017 - 06:04 PM (IST)

डल्हौजी: 2 राज्यों के विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस ऑल आऊट हो जाएगी। हिमाचल और कर्नाटक के रूप में कांग्रेस की 2 विकेट बची हैं, जो जल्द आऊट हो जाएंगी। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाह नवाज हुसैन ने शनिवार को बनीखेत में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि हिमाचल के मुख्यमंत्री 5 साल से अपने आप को बचाने में लगे रहे, जिनके पास विकास के लिए वक्त ही नहीं है। 5 सालों में हिमाचल में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। वर्तमान में हिमाचल कांग्रेस गुटबाजी में बंटी हुई है, जिसका मुकाबला एकजुट और सशक्त भाजपा से है। कांग्रेस की दिवालिया स्थिति बयां कर रही है कि हिमाचल चुनावों में वह सिंगल डिजिट में सिमट जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी का हिमाचल के साथ विशेष लगाव रहा है और हिमाचल के लिए उनका विशेष विजन है। लिहाजा उन्होंने हिमाचलवासियों से अपील है कि हिमाचल में भाजपा सरकार लाएं और देश को आगे बढ़ाने में सहयोग करें। 

विदेश में जाकर भारत की बदनामी करते हैं राहुल
उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर भी कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा देश है। जो व्यक्ति विदेश में जाकर भारत की बदनामी करता है, उससे देश क्या उम्मीद कर सकता है। इस अवसर पर भाजपा के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एस.एम. अकरम, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजबली, भाजपा जिला अध्यक्ष डी.एस. ठाकुर, डल्हौजी मंडल अध्यक्ष विनोद महाजन तथा नगर परिषद डल्हौजी के अध्यक्ष मनोज चड्ढा आदि उपस्थित थे।