'शाहों' के लिए सदमे से कम नहीं पटेल की जीत

Thursday, Aug 10, 2017 - 03:34 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गुजरात से राज्यसभा चुनाव में पार्टी के कद्दावर नेता अहमद पटेल की जीत को भाजपा के दोनों 'शाहों' के लिए बड़ा सदमा करार दिया है। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं मीडिया विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान ने यहां जारी बयान में कहा है कि तानाशाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को इस सदमे से उभरने में समय लगेगा। चूंकि लोकतंत्र की हत्या करने में दोनों ने कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा है कि दिल्ली से लेकर गुजरात तक कांग्रेस विधायकों की खरीद-फरोख्त और डराने-धमकाने का खेल दोनों शाहों के इशारों पर ही खेला गया। चौहान ने आरोप लगाया है कि भाजपा के लिए लोकतंत्र नाम की कोई चीज नहीं है।


विधानसभा चुनावों में कांग्रेस नहीं चलने देगी मोदी और शाह की तानाशाही
मोदी गुजरात की तानाशाही को अब पूरे देश में चलाना चाह रहे थे लेकिन उन्हें अब पहला झटका लग चुका है। चौहान ने कहा है कि हिमाचल में भी कांग्रेस विधानसभा चुनावों में मोदी और शाह की तानाशाही को नहीं चलने देगी। पार्टी एकजुट होकर दोनों को करारा जवाब देने के लिए तैयार है। नरेश चौहान ने हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला द्वारा बीते शुक्रवार की रात को चंडीगढ़ में आई.ए.एस. की बेटी के साथ छेड़छाड़ के मामले पर पी.एम. नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है। चौहान ने पूछा है कि छोटी-छोटी बात पर ट्वीट करने वाले मोदी एक बेटी के साथ हुई घिनौनी हरकत पर चुप क्यों हैं? उन्होंने पूछा है कि क्या यही भाजपा का बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान है।

'