ऊना में जिस्मफरोशी के धंधे का भंडाफोड़, पंजाब की 2 युवतियों सहित 4 गिरफ्तार

Wednesday, Oct 03, 2018 - 08:18 PM (IST)

दौलतपुर चौक: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के अंतर्गत आते डंगोह खास गांव के एक रिहायशी मकान से स्थानीय पुलिस ने वेश्यावृत्ति के आरोप में पंजाब से संबंधित 2 युवतियों सहित 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक बुधवार दोपहर बाद पुलिस को एक घर में वेश्यावृत्ति का धंधा बेरोकटोक चलने की सूचना मिली, जिसके आधार पर स्थानीय पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से एक नकली ग्राहक बनाकर उक्त अड्डे पर भेजा। जब ग्राहक अंदर गया तो एक लड़का व लड़की उसी घर में संदिग्ध हालत में पाए गए। इशारा मिलते ही एस.एच.ओ. गगरेट चैन सिंह ठाकुर व चौकी प्रभारी राजिन्द्र पठानिया ने पुलिस पार्टी के साथ उसी समय उक्त ठिकाने पर छापामारी करके पंजाब निवासी 2 युवकों व 2 युवतियों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों से 6 मोबाइल, नकद राशि व आपत्तिजनक सामग्री बरामद
एस.एच.ओ. गगरेट चैन सिंह ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज करके इस मामले में संलिप्त 2 लड़कियों सहित 2 लड़कों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान आरोपियों से 6 मोबाइल व 4,000 रुपए की नकद राशि सहित आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है। चारों आरोपियों को वीरवार को अम्ब कोर्ट में पेश किया जाएगा। डी.एस.पी. अम्ब मनोज जम्वाल का कहना है कि मामले की आगामी छानबीन जारी है।

लम्बे समय से चल रहा था देह व्यापार का अवैध धंधा
डंगोह खास पंचायत प्रधान अनीता कुमारी ने आरोप लगाया है कि इस घर में लम्बे समय से देह व्यापार का अवैध धंधा चल रहा था, जिसकी शिकायत गांववासियों ने पंचायत प्रतिनिधिमंडल से मिलकर एस.पी. ऊना से भी की थी, जिसके आधार पर पुलिस ने सही समय पर उचित कार्रवाई करके इस अनैतिक धंधे का भंडाफोड़ करके सराहनीय कार्य किया है।

Vijay