मनाली में महिलाओं ने किया सैक्स रैकेट का पर्दाफाश, पुलिस के हवाले किए आरोपी

Wednesday, Jun 05, 2019 - 11:32 PM (IST)

मनाली: मनाली की स्थानीय महिलाओं ने शहर में चल रहे सैक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। महिलाओं ने बुधवार को एकत्रित होकर धावा बोल दिया और इस धंधे से जुड़ी महिलाओं सहित कारोबार कर रहे लोगों को पुलिस के हवाले किया। इन महिलाओं का कहना है कि शहर में कई दिनों से इस तरह का सिलसिला चला हुआ था। कुछ महिलाएं खुले तौर पर इस धंधे को अंजाम दे रही थीं। धावा बोलने से पहले इन महिलाओं ने मनाली के सभी पर्यटन कारोबारियों संग बैठक की और नशाखोरी सहित देह व्यापार को लेकर चिंता जाहिर की।

होटल में चल रहा था देह व्यापार का धंधा

बैठक के बाद ये महिलाएं शहर के दौरे पर निकलीं तो उन्हें एक होटल में इस तरह का धंधा चलने की बात पता चली। इस बीच एक महिला को पूछताछ के लिए उन्होंने रोका तो उससे जानकारी हासिल हुई। इन महिलाओं ने एकत्रित होकर होटल में धावा बोल दिया। देखते ही देखते कई महत्वपूर्ण जानकारियां उन्हें मिलीं। महिलाओं ने इस अवैध कारोबार से जुड़े 2 लोगों को भी धर-दबोचा। इन महिलाओं ने पुलिस को सूचित कर घटनास्थल पर बुलाया और इन लोगों को पुलिस के हवाले किया।

महिलाओं की पहल की हो रही प्रशंसा

इन महिलाओं ने बैठक में भी आरोप लगाया था कि पुलिस व प्रशासन इस दिशा में कुछ नहीं कर रहे हैं जबकि हालात खराब होते जा रहे हैं। स्थानीय महिलाओं की इस पहल की सभी पर्यटन कारोबारियों व लोगों ने प्रशंसा की। मनाली थाना प्रभारी मोहन रावत ने बताया कि 6 महिलाओं को शक के आधार पर पकड़ा है। इन महिलाओं पर पुलिस एक्ट 114 के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Vijay