10 अप्रैल तक ब्लॉक और 30 अप्रैल तक बूथ कमेटियों का करें गठन: राठौर

punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2020 - 05:21 PM (IST)

शिमला (तिलकराज) : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने ब्लॉक अध्यक्षों का आह्वान किया है कि वह पार्टी की मजबूती के लिए सबको साथ लेकर आगे बढे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है, जिसे उन्हें अपनी पूरी निष्ठा ईमानदारी से निभानी होगी। गुरूवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में नवननियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों की पहली बैठक को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि उन्हें सभी पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना है। 

सभी नेताओं के साथ संवाद के साथ उन्हें पार्टी की मजबूती के लिए काम करना है। उन्होंने कहा कि अभी 68 ब्लॉक का ही गठन किया गया है। शेष 4 का जल्द कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ब्लॉक अध्यक्ष पर उनकी नियुक्ति पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत और उनकी संतुति के बाद ही की गई है। इसलिए उन्हें सभी वरिष्ठ नेताओं का पूरा मान सम्मान करते हुए पार्टी के सभी दिशा निर्देशों का पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि इसकी कोई भी अवहेलना सहन नही होगी। 

उन्होंने कहा कि जल्द ही कांग्रेस आलाकमान द्वारा जिला और प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा भी कर दी जाएगी। कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ देश और प्रदेश में खड़ी होगी। राठौर ने ब्लॉक अध्यक्षों से 10 अप्रैल तक ब्लॉक कमेटी और 30 अप्रैल तक बूथ कमेटियों के गठन करने को भी कहा है। उन्होंने कहा कि बूथ कमेटी में 5 से 7 तक के ऐसे कार्यकर्ता जोड़े जाने चाहिए जो अपने दायित्व को पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा से निभाये। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही प्रदेश के दौरे पर निकलेंगे। इस दौरान वह स्वंय सभी ब्लॉकों में जाकर बूथ कमेटियों से भी पूरा फीडबैक लेंगे। 
PunjabKesari
उन्होंनेे कहा कि इस समय देश में भाजपा अपनी सोची समझी साजिश के तहत कांग्रेस को कमजोर करने में लगी है। इसमें हमारे ही कुछ अति महत्वकांक्षी लोग उनका साथ दे रहें है जो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मध्यप्रदेश में ज्योतीराज सिंधिया का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस पार्टी ने उन्हें इतना मान सम्मान दिया वही पार्टी के साथ गद्दारी कर गया। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं को देश के लोग कभी माफ नही करते। उन्होंने कहा उन लोगों को भी चेताया है जो अपनी किसी महत्वकांक्षा के चलते भीतर खाते पार्टी को कमजोर करने में तुले है। ऐसे लोगों के प्रति सचेत रहने पर आगह करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को कमजोर करने वाले सभी लोगों उनकी नजर है।

राठौर ने कहा कि यह समय कांग्रेस पार्टी की परीक्षा का समय है। उन्होंने कहा कि हमें पूरी मजबूती के साथ एकजुट होकर इस परीक्षा में सफल होना है। उन्होंने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि आज देश की अर्थव्यवस्था बुरी तरह से बिगड़ चुकी है। लोगों का पैसा बैंको में भी सुरक्षित नही है। देश में बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था और अन्य जटिल समस्याओं के लिए देश के लोगों के अधिकारो की लड़ाई लड़नी है। इसके लिए हमें एकजुट होना है। उन्होंने ब्लॉक अध्यक्षों का आह्वान किया कि वह अपने अपने क्षेत्रों में जन समस्याओं के लिए मैदान में डट जाए और देश व प्रदेश को भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोल ले। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश में कांग्रेस भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एक बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

kirti

Recommended News

Related News