सनसनीखेज : आश्रम में 6 अनाथ बच्चियों के साथ ‘दरिंदगी’, 3 गिरफ्तार

Wednesday, Sep 27, 2017 - 12:41 AM (IST)

चम्बा: जिला चम्बा के बालिका आश्रम चिल्ली में 6 अनाथ बच्चियों के साथ आश्रम के ही 3 कर्मचारियों द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने आश्रम के 3 कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया है तो वहीं डी.सी. चम्बा ने आरोपी कर्मचारियों को तुरंत सरकारी पद से बर्खास्त करने के आदेश जारी कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार चुराह उपमंडल में मौजूद बालिका आश्रम चिल्ली जिसमें कि वर्तमान में 32 बालिकाएं पनाह लिए हुए हैं। उनमें से 6 बालिकाओं ने अपने साथ आश्रम के स्टाफ  कर्मियों द्वारा दुष्कर्म करने की बात कही है। 

विधिक साक्षरता शिविर के दौरान उजागर हुआ मामला
यह मामला उस समय उजागर हुआ जब गत रविवार को इस आश्रम में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। उस दौरान चाइल्ड वैल्फेयर कमेटी के सदस्य भी मौजूद रहे। जब चाइल्ड वैल्फेयर कमेटी ने लड़कियों से बातचीत की और जब उनकी काऊंसलिंग की तो एक नाबालिग लड़की ने अपने साथ दुष्कर्म होने की बात कही। इस मामले पर चाइल्ड वैल्फेयर कमेटी ने मामले की रिपोर्ट तैयार करके जिला प्रशासन को सौंपी। जानकारी मिलने पर मंगलवार शाम करीब 4 बजे जिलाधीश चम्बा सुदेश मोख्टा ने अपने कार्यालय में बैठक बुलाकर मामले पर त्वरित कार्रवाई करने के पुलिस को आदेश जारी किए।

अकाऊंटैंट, सफाई कर्मी व कुक पर दुष्कर्म का आरोप
 डी.एस.पी. सलूणी महेंद्र मिन्हास को जांच का जिम्मा सौंपा गया जिसके चलते उक्त पुलिस अधिकारी ने चिल्ली आश्रम जाकर लड़कियों से बातचीत की तो 5 अन्य लड़कियों ने भी अपने साथ दुष्कर्म होने की बात कही। पीड़ित बालिकाओं ने आश्रम के अकाऊंटैंट, सफाई कर्मी व कुक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीनों कथित आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके खिलाफ  भारतीय दंड संहिता की धारा 354 व पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

पहले भी सामने आ चुका है दुष्कर्म का मामला
बालिका आश्रम चिल्ली में कुछ वर्ष पहले भी एक लड़की के साथ दुष्कर्म होने का मामला सामने आया था उसमें भी आश्रम में ही तैनात एक कर्मचारी के खिलाफ  नाबालिग लड़की द्वारा दुष्कर्म करने के आरोप लगाए गए थे।

क्या कहते है ए.एस.पी. चम्बा
ए.एस.पी. चम्बा वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि चाइल्ड वैल्फेयर कमेटी द्वारा यह मामला प्रशासन के ध्यान में लाया गया और इस बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जहां शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी तो वहीं इस मामले में आरोपी 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को लड़कियों का मैडीकल करवाया जाएगा। अगर मैडीकल में लड़कियों के साथ दुष्कर्म होने की बात सामने आती है तो इस मामले को फिर दुष्कर्म के तहत दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

तीनों कर्मचारी पद से बर्खास्त : डी.सी.
वहीं डी.सी. चम्बा सुदेश मोख्टा ने बताया कि उक्त 3 कर्मचारियों को उनके पद से भी बर्खास्त कर दिया गया है। बुधवार को संयुक्त आश्रम में जाकर वहां रहने वाली बच्चियों के साथ बात की जाएगी और होस्टल के अन्य कर्मचारियों के बारे में भी जानकारी हासिल की जाएगी अगर मामले में अन्य कर्मचारियों के भी नाम सामने आते हैं तो उनके खिलाफ  भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।