हमीरपुर में नर कंकाल मिलने से फैली सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

Friday, Jan 24, 2020 - 06:25 PM (IST)

हमीरपुर (अरविंदर): पुलिस थाना हमीरपुर के अंतर्गत आते गलोट खुर्द गांव में शुक्रवार को एक नर  कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। अधेड़ उम्र के व्यक्ति का नर कंकाल जंगल में खैर के पेड़ों के कटान के दौरान मिला। यह नर कंकाल घने जंगल की झाडिय़ों में मिला है। जानकारी के अनुसार यहां पर खैर कटान चल रहा था। इस दौरान झाडिय़ों की कटाई के दौरान नर कंकाल दिखाई दिया। इसके बाद स्थानीय पंचायत प्रधान व पुलिस को सूचित किया गया। वहीं पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर नर कंकाल को कब्जे में लिया। मौत के कारणों की जांच के लिए फोरैंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

वहीं बताया जा रहा है कि यह कंकाल रोशन लाल (65) का है जो 3 साल पहले गलोट खुर्द गांव से अचानक गायब हो गया था। लोगों के अनुसार रोशन लाल अविवाहित था तथा मानसिक तौर पर परेशान भी था। रोशन लाल का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। अधिकारिक रूप से अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि यह नर कंकाल रोशन लाल का ही है। फोरैंसिक टीम के पहुंचने और जांच के बाद ही इस नर कंकाल के बारे में अधिक जानकारी मिल पाएगी।

Vijay