जेल भेजने से अच्छा है मेरे खिलाफ चुनाव लड़ लेते धूमल : वीरभद्र

Sunday, Mar 26, 2017 - 08:01 PM (IST)

भोरंज: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि धूमल हमेशा उन्हें जेल भिजवाने का नाकाम षड्यंत्र रचते हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को चुनौती दी है कि जेल भेजने से अच्छा है कि धूमल उनके खिलाफ चुनाव ही लड़ लेते। भोरंज विस क्षेत्र के भरेड़ी में जनसभा करते हुए उन्होंने कहा कि धूमल कार्यकाल में उन्हें 2 बार सैशन जज का सामना करना पड़ा और उसमें वे हर बार बरी हुए हैं जबकि उन्हें हर बार जेल भेजने की तैयारी की जाती रही है। उन्होंने कहा कि धूमल बताएं कि जालंधर से हिमाचल तक किसने संपत्तियां जुटाई हैं और कहां कितनी जमीन खरीदी है। 

धूमल पर कसा तंज
उन्होंने धूमल पर तंज कसा कि राजनीति में किसी से भी बैर नहीं करना चाहिए तथा हमेशा साफ -सुथरी राजनीति होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब भी चुनाव नजदीक आते हैं तो भाजपा को क्षेत्रवाद की याद आना शुरू हो जाती है। उन्होंने कहा कि आई.डी. धीमान दिल के अच्छे व साफ  आदमी थे। भोरंज उपचुनाव दु:ख की घड़ी में हो रहे हैं। उन्होंने धीमान की दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि किसी भी पार्टी को चुनाव के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल का सारा विकास कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ है। भोरंज व हमीरपुर जिला का विकास भी कांग्रेस की देन है।

मुख्यमंत्री का पद जिम्मेदारी का 
उन्होंने राजनीति को जनता की सेवा करने का माध्यम बताया और कहा कि मुख्यमंत्री का पद जिम्मेदारी का पद है जिसका कार्य प्रत्येक जिला का सम्मान विकास करना होता है और प्रत्येक जिला मुख्यमंत्री का घर होता है और सबका विकास करना महत्वपूर्ण प्राथमिकता होनी चाहिए। इस मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस प्रत्याशी प्रोमिला देवी के पक्ष में एकजुटत होकर भोरंज उपचुनाव जीतने के लिए दिन-रात एक करने का आह्वान भी किया।