Selfie का Craze पड़ सकता है महंगा, यकीन नहीं तो पढ़ें ये खबर

Saturday, Jan 27, 2018 - 05:53 PM (IST)

कुमारसैन: पुलिस थाना कुमारसैन के अंतर्गत शुक्रवार दोपहर सैंज-लुहरी मार्ग पर सतलुज नदी किनारे सैल्फी लेने गया एक युवक नदी में डूब गया जिसका शव शनिवार सुबह करीब 7 बजे नदी किनारे मिला। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को गणतंत्र दिवस की छुट्टी होने के चलते 10वीं कक्षा का छात्र 16 वर्षीय आर्यन काल्टा पुत्र अशोक काल्टा गांव भनालग डीब पंचायत तहसील कुमारसैन अपने कुछ दोस्तों के साथ सैंज-लुहरी मार्ग के निकट सतलुज नदी किनारे घूमने गया हुआ था।

सैल्फी लेते समय फिसल गया पैर 
बताया जा रहा है कि आर्यन सतलुज के किनारे अपने दोस्तों के साथ सैल्फी ले रहा था कि अचानक उसका पैर फिसला और वह सतलुज नदी में डूब गया। इससे पहले की उसके दोस्त कुछ कर पाते वह नदी के बहाब में बह गया। उसके साथियों के शोर मचाने पर नजदीकी लोगों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस थाना कुमारसैन के एस.एच.ओ. सन्नी गुलेरिया, पुलिस टीम, होमगार्ड कंपनी, फायर स्टेशन की टीम व एस.एस.बी. के जवान मौके पर रवाना हुए व सर्च अभियान शुरू किया, साथ ही एस.डी.एम. कुमारसैन नीरज गुप्ता भी मौके पर गए व राहत तथा बचाव कार्य का जायजा लिया। वहीं सूचना मिलते ही विधायक राकेश सिंघा, जिला परिषद रीना ठाकुर व एस.डी.एम. सहित काफी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे व रैस्क्यू आप्रेशन शुरू कर दिया। 

घटनास्थल से 200 मीटर दूर मिला युवक का शव
एस.डी.एम. कुमारसैन नीरज गुप्ता ने बताया कि सर्च अभियान में सतलुज नदी किनारे काफी दूर तक युवक को तलाश किया व देर सायं तक सर्च अभियान जारी रखा। उन्होंने बताया कि सुंदरनगर से गोताखोरों की टीम भी बुलाई गई जिन्होंने शनिवार सुबह सर्च अभियान शुरू किया। इस दौरान शनिवार सुबह युवक का शव डूबने वाले स्थान से करीब 200 मीटर दूर मिला। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को 10 हजार रुपए की फौरी राहत राशि दी गई। थाना प्रभारी कुमारसैन ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल कुमारसैन में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि मामले की पूरी छानबीन की जा रही है।