बर्फ के फाहे देख झूमे सैलानी, सेल्फी के साथ कैद किया नजारा

Friday, Dec 17, 2021 - 04:04 PM (IST)

डलहौजी (शमशेर महाजन) : मौसम के बिगड़े मिजाज के चलते पर्यटन नगरी डलहौजी में ठंड का प्रकोप भी बढ़ गया है। इसी बीच शुक्रवार दोपहर को डलहौजी शहर में बर्फ के फाहे गिरना शुरू हो गए। हालांकि बर्फ के फाहे गिरने का यह क्रम कुछ मिनटों के लिए ही रहा, लेकिन आसमान से गिरे बर्फ के फाहे सैलानियों के लिए एक सपने से कम नहीं था। डलहौजी में सैर सपाटे को पहुंचे सैलानी ठंड से बेपरवाह गांधी चौक में आसमान से लाइव बर्फ के फाहे गिरते देख खासे उत्साहित नजर आए। बर्फ के फाहे गिरते देख सैलानी खुशी से झूम उठे। उन्होंने इस नजारे का भरपूर आनंद लिया। वहीं इस अवसर को यादगार बनाने के लिए फाहों के बीच सेल्फी लेकर इस खास अनुभव को यादगार बनाया। पर्यटक इस अनुभव को घर बैठे परिजनों को वीडियो कॉलिंग के माध्यम से साझा करते भी नजर आए। हालांकि इस दौरान डलहौजी के ऊपरी क्षेत्र लकड़ मंडी में हल्की बर्फबारी जरूर हुई जिससे वहां बर्फ की हल्की सफेद चादर बिछी नजर आई।
 

Content Writer

prashant sharma