सियासी जमीन खिसकती देख फिर दरियां व कंबल बांटने लगे राणा: भाजपा

Tuesday, Apr 06, 2021 - 05:29 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव) : जिला भाजपा महामंत्री अभयवीर सिंह लवली, सुजानपुर भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष जगन कटोच, सुजानपुर भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्षा अर्चना चैहान एवं जिला भाजपा सह मीडिया प्रभारी विकास शर्मा ने मंगलवार को यहां जारी संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेंद्र राणा को खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि सुजानपुर के नेता ने जब अपनी सियासी जमीन खिसकती हुई देखी तो फिर वह अपनी पुरानी हरकतों पर फिर से उतर आए हैं और कंबल, दरियां व टेंट इत्यादि बांटना आरंभ कर दिया है। इसी कड़ी में टौणी देवी कस्बा में लोगों को गुमराह करने के लिए विधायक ने यह काम किया। वह विकास तो करवा नहीं सके और अब अपनी सियासी रोटियां सेकने में मशगूल हैं। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि रोजाना दर्जनों कांग्रेसी भाजपा में शामिल हो रहे हैं जिस बौखलाहट में विधायक अब दरियां व कंबल बांटने में जुट गए हैं, ताकि अपनी खिसकती हुई जमीन को बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि अब जनता जान चुकी है कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र का असली खेबनहार कौन है।

उन्होंने कहा कि विधायक राजेंद्र राणा एवं कुछ छुटभैया कांग्रेस नेता आए दिन इस प्रकार के ओच्छे हथकंडे अपना कर जनता को बहकाने और बरगलाने में जुटे रहते हैं, लेकिन अब लोग इतना जागरूक हो चुके हैं कि उनको विकास चाहिए ना कि दरिया और कंबल। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल एवं भाजपा की नीतियों पर जनता को विश्वास था, है और रहेगा। इसी कड़ी में अब जनता सुजानपुर में अपने पुराने इतिहास को नहीं दोहराएंगी एवं राणा के बरगलाने से भी कुछ नहीं होगा। उन्होंने विधायक से पूछा कि वह बताएं कि उन्होंने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में क्या कार्य करवाए हैं जो कांग्रेस के लोग अब भाजपा में शामिल हो रहे हैं? केंद्र सरकार की जन हितैषी नीतियों से परेशान होकर अब इन्हें गलत बताने की राजनीति में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब जनता सब जान चुकी है एवं उन्हें दरियां व कंबल नहीं अपितु अपना हक चाहिए। गत विधानसभा चुनावों में सुजानपुर वासी अपना हक खोकर पछता चुके हैं एवं अब कांग्रेसी नेताओं के बहकावे में आने वाले नहीं हैं। उन्होंने कांग्रेसी नेताओं को नसीहत दी है कि वे जनता को बरगलाने के लिए इस प्रकार के हथकंडे ना अपनाएं, अन्यथा भाजपा द्वारा भी उन्हें हर मंच से मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
 

Content Writer

prashant sharma