झूले की तार टूटने से नदी के बीचोंबीच फंसा सिक्योरिटी सुपरवाइजर, 3 घंटे बाद किया रैस्क्यू

Wednesday, Jul 18, 2018 - 10:47 PM (IST)

लडभड़ोल: चुल्ला विद्युत प्रोजैक्ट के लिए लगे झूले में बुधवार प्रात: प्रोजैक्ट का एक सिक्योरिटी सुपरवाइजर झूले की तार टूटने के कारण नदी के ऊपर बीचोंबीच फंस गया, जिसे करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सकुशल निकाला गया। जानकारी के अनुसार इस झूले का निर्माण लोक निर्माण विभाग मैकेनिकल विंग द्वारा किया गया है और इसके लिए धनराशि प्रोजैक्ट ने उपलब्ध करवाई है। सोमवार प्रात: प्रोजैक्ट के सिक्योरिटी सुपरवाइजर विक्रम सिंह प्रतिदिन की तरह ड्यूटी के लिए झूले से परौन से चुल्ला के लिए जा रहे थे कि तभी अचानक झूले की तार टूटने से झूला ब्यास नदी के बीचोंबीच में लटक गया।


लोगों ने मैकेनिकल विंग व पुलिस को दी घटना की सूचना
विक्रम सिंह के चिल्लाने की आवाज सुनकर नदी के दोनों तरफ  लोग एकत्रित हो गए और फिर लोगों ने मैकेनिकल विंग जोगिंद्रनगर व पुलिस को सारी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद मैकेनिकल विंग जोगिंद्रनगर व पुलिस की टीम ए.एस.आई. हरनाम सिंह के नेतृत्व में पहुंची व प्रोजैक्ट के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से रैस्क्यू चलाया। 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद विक्रम सिंह को सुरक्षित झूले से निकाला गया। मामले की पुष्टि भड़ोल पुलिस चौकी के प्रभारी हरनाम सिंह ने की है।

Vijay