यहां 1 लाख बाशिंदों की सुरक्षा का जिम्मा सिर्फ 18 पुलिसकर्मियों के कंधों पर

Thursday, Sep 19, 2019 - 02:37 PM (IST)

बडूही (अनिल): बंगाणा थाना के अंतर्गत आती 40 ग्राम पंचायतों के तकरीबन एक लाख बाशिंदों की सुरक्षा मात्र 18 पुलिस कर्मियों के हवाले है या यूं कहें कि 5555 बाशिंदों के जान-माल की सुरक्षा मात्र एक पुलिस जवान केवल डंडे के सहारे कर रहा है। विस्तृत एवं दुर्गम क्षेत्र, पहाड़ी और सुदूर अन्य जिलों से लगती सीमाएं और लगातार मेलों में बढ़ता ट्रैफिक, इसके बाद यदि समय बचे तो अपराधियों की बारी आए। हालात यह हैं कि कुटलैहड़ विधानसभा का मुख्यालय जिसमें 40 पंचायतों में तकरीबन एक लाख की आबादी रहती है, इस थाना में महिला सुरक्षा के नाम पर बड़े-बड़े दावे करने वाली सरकार एक अदद महिला कांस्टेबल तक नियुक्त नहीं कर पाई है।

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बंगाणा ब्लाक, जोकि विधानसभा मुख्यालय भी है, के थाना में किसी भी महिला कर्मी की तैनाती ही नहीं है। यहां लम्बे समय से स्वीकृत पदों में से तकरीबन 2 दर्जन पद रिक्त चल रहे हैं। पुलिस चौकी जोल के प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि खाली पदों की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। थाना बंगाणा प्रभारी कमलनयन शर्मा ने माना कि थाना में इस समय कोई भी महिला कर्मी नियुक्त नहीं है। खाली पदों बारे उन्होंने कहा कि इसके बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया गया है। ए.एस.पी. ऊना विनोद धीमान ने माना कि विभाग में स्टाफ की कमी है लेकिन फिर भी रोटेशन-वाइज उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां तक महिला पुलिस कर्मी की तैनाती की बात है तो जल्द तैनाती करवाई जाएगी।

 

kirti