ए.टी.एम. Robbery का दूसरा Mastermind पंजाब से गिरफ्तार

Wednesday, May 24, 2017 - 08:38 PM (IST)

ज्वालामुखी: ज्वालामुखी पुलिस ने विगत माह कथोग व बालू-ग्लोआ में हुई ए.टी.एम. लूट की गुत्थी का पटाक्षेप करते हुए लूट में शामिल एक अन्य मास्टरमाइंड को दबोचा है। जानकारी के अनुसार लूट के मुख्य आरोपी अमृतसर निवासी राम गोपाल को पुलिस ने गत 8 मई को हिरासत में लिया था, जिसके बाद से ही पुलिस ए.टी.एम. लूटने वाले गिरोह में शामिल अन्य शातिरों को पकडऩे के लिए प्रयासरत थी। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पंजाब में विभिन्न जगहों पर जाल बिछाया और बुधवार सुबह पंजाब की तरनतारन तहसील के हरिके पत्तन से लूट में शामिल एक अन्य आरोपी दलजीत सिंह उर्फ सोनू को धर दबोचा। 

ए.टी.एम. को गैस कटर से काटने का काम करता था आरोपी
मूलरूप से वाहनों की बॉडी बनाने का काम करने वाला यह आरोपी गिरोह का दूसरा मास्टरमाइंड था, जो ए.टी.एम. को गैस कटर से काटने का काम करता था। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथोग व बालू-ग्लोआ में ए.टी.एम. को गैस कटर से काटने की बात कबूली है। डी.एस.पी. ज्वालामुखी कुलदीप कुमार ने बताया कि कथोग व बालू-ग्लोआ में ए.टी.एम. लूट के बाद अब पुलिस आरोपी से इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उक्त गिरोह किन-किन जगहों में लूट की वारदातों को अंजाम दे चुका है। 

क्या कहते हैं एस.पी. संजीव गांधी
जिला पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस ने ए.टी.एम. लूट मामले में 2 मुख्य आरोपियों को काबू कर लिया है, जिन्होंने लूट में शामिल होने की बात स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि जल्द ही लूट में शामिल गिरोह के अन्य शातिर भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे और गत वर्षों से ए.टी.एम. से करोड़ों लूटने वाले इस गिरोह को बेनकाब किया जाएगा।