पुलिस भर्ती परीक्षा फर्जीवाड़े के दूसरे मुख्य आरोपी ने किया सरैंडर

Saturday, Jan 25, 2020 - 07:21 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): पुलिस भर्ती लिखित परीक्षा फजीवाड़े के दूसरे मुख्य आरोपी ने शनिवार को पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी 26 वर्षीय केतन चौधरी निवासी गांव लुधियार, डाकघर दरकाटी, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा ने पुलिस अधीक्षक कांगड़ा विमुक्त रंजन के समक्ष सरैंडर किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना भवारना में मामला दर्ज किया गया है तथा पुलिस थाना भवारना की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

अभ्यर्थियों से परीक्षा देने की करता था सौदेबाजी

बताया जा रहा है कि केतन फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपी विक्रम चौधरी के साथ मिलकर फर्जीवाड़े को अंजाम देता था। आरोपी केतन युवाओं के साथ लिखित परीक्षाओं को करवाने की एवज में लेन-देन की बातों को पूरा करता था। आरोपी युवाओं से पूरा मामला सैट करने के बाद विक्रम चौधरी के साथ मिलवाने तथा परीक्षा देने संबंधी सभी मामलों को देखता था। पुलिस भर्ती लिखित परीक्षा फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपी द्वारा सरैंडर किए जाने के बाद केतन की तलाश की जा रही थी। शनिवार को केतन चौधरी ने भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।

कई खुलासे होने की संभावना

पुलिस भर्ती परीक्षा फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपी बिक्रम ने पुलिस पूछताछ में कई अहम खुलासे किए थे। आरोपी ने पूछताछ में 9 अभ्यर्थियों को पुलिस में भर्ती करवाने की बात कबूल की थी। इसके चलते इन 9 पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ धर्मशाला, पालमपुर तथा भवारना पुलिस थाना में मामले दर्ज हैं। आरोपी की शिनाख्त पर उक्त पुलिस कर्मचारियों के दस्तावेजों की जांच भी की जा रही है। इतना ही नहीं, आरोपी ने एचआरटीसी और जेल वार्डन के पदों पर भी अभ्यर्थियों को भर्ती करवाने की बात कबूल की है। अब मामले के दूसरे मुख्य आरोपी के सरैंडर किए जाने पर और कई खुलासे होने की संभावना है।

यह है मामला

गौरतलब है कि 11 अगस्त 2019 को पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा के दौरान परौर राधा स्वामी सत्संग ब्यास में दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने वाले व्यक्तियों के खिलाफ  भवारना थाना में मामला दर्ज किया गया था। इस फर्जीवाड़े के मास्टरमाइंड विक्रम ने भी करीब पांच माह तक भूमिगत रहने के बाद 3 जनवरी 2020 को एसपी कार्यालय में सरैंडर कर दिया था। इस मामले में पुलिस द्वारा उक्त दोनों मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में 36 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस अधीक्षक कांगड़ा विमुक्त रंजन ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा फर्जीवाड़े के दूसरे मुख्य आरोपी केतन चौधरी ने शनिवार को सरैंडर किया है। आरोपी को भवारना पुलिस थाना की टीम ने अपनी हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है।

Vijay