मलबे के ढेरों और बाढ़ के काले पानी में लापता लोगों की तलाश जारी

punjabkesari.in Thursday, Jul 29, 2021 - 11:39 PM (IST)

कुल्लू (शम्भू प्रकाश): बादल फटने और बाढ़ की घटनाएं अपने पीछे तबाही का मंजर छोड़ गई हैं। अब मलबे के ढेरों और बाढ़ के काले पानी में लापता हुए लोगों की तलाश जारी है। लाहौल के तोजिंग नाले के मलबे से बुधवार को 7 लाशें बरामद हुईं जबकि 3 लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। उन्हें ढूंढने के लिए वीरवार को भी सर्च अभियान जारी रहा। इधर, मणिकर्ण के ब्रह्मगंगा में आई बाढ़ में 4 लोग बह गए थे, जिनके बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। इन्हें ढूंढने के लिए कुल्लू पुलिस की टीम व अन्य लोग पार्वती नदी के किनारों को छानते रहे। देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिल पाई। बता दें कि मणिकर्ण में पूनम, उसका 4 साल का बेटा निकुंज, वीरेंद्र और गाजियाबाद की विनीता बाढ़ में बह गए थे।
PunjabKesari, Search Operation Image

लाहौल में हुए नुक्सान का मुख्यमंत्री लेंगे जायजा

उधर, लाहौल में मडग्रां पुल को बीआरओ द्वारा शुक्रवार तक बहाल करने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। शांशा और थिरोट पुलों तक जाने वाली क्षतिग्रस्त सड़क को भी जल्द बहाल किया जाएगा। जाहलमा में आवाजाही के लिए रोप-वे और पैदल मार्ग भी शीघ्र तैयार होगा। लाहौल में भारी बारिश और बाढ़ के चलते फंसे सभी 72 श्रद्धालु सुरक्षित हैं। मुख्यमंत्री शुक्रवार को लाहौल में हुए नुक्सान का जायजा लेंगे।

भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित हुई पूरी पट्टन घाटी 

लाहौल-स्पीति के डीसी नीरज कुमार ने कहा कि पूरी तरह से बह गए जाहलमा पुल के स्थान पर फिलहाल आवाजाही के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर रज्जू मार्ग और पैदल रास्ते के निर्माण को भी जल्द पूरा किए जाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। भारी बारिश और बाढ़ के कारण पूरी पट्टन घाटी प्रभावित हुई है। इस क्षेत्र में कृषि को नुक्सान हुआ है और कृषि कार्य भी प्रभावित हुआ है। व्यवस्थाओं को भी बहाल करने में कार्य योजना के तहत कदम उठाए जा रहे हैं। बाढ़ के चलते जो 72 श्रद्धालु फंस गए थे वे सभी सुरक्षित हैं और उन्हें त्रिलोकनाथ मंदिर परिसर में ठहराया गया है। मंदिर ट्रस्ट की ओर से उनके रहने और खाने की व्यवस्था हो रही है।

पुल बहाली के उपरांत वापस जा सकते हैं श्रद्धालु

मडग्रां पुल बहाल होने के बाद जो श्रद्धालु पांगी क्षेत्र के हैं वे आसानी से वापस जा सकते हैं। अधिकतर श्रद्धालु कुल्लू जिले से संबंधित हैं। श्रद्धालुओं ने प्रशासन के समक्ष ये बात रखी है कि वे अपने वाहनों को फिलहाल यहीं छोड़ जाएंगे। सड़क और पुल बहाल होने के बाद वे इन वाहनों को वापस ले जाएंगे। इन श्रद्धालुओं की वापसी की भी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शुक्रवार सुबह हैलीकॉप्टर के माध्यम से प्रभावित क्षेत्र का दौरा करेंगे और प्रभावित हुए लोगों के साथ भेंट करेंगे।

लापता हुए लोगों को ढूंढने का काम जारी : गुरदेव शर्मा

कुल्लू के एसपी गुरदेव शर्मा ने कहा कि मणिकर्ण ब्रह्मगंगा में आई बाढ़ में बहे चार लोगों के की तलाश जारी है। इसके लिए टीम लगातार काम कर रही है। पार्वती नदी के तट का हर जगह टीम मुआयना कर रही है। लापता लोगों की तलाश और तेज करने के लिए कहा गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News