किन्नर कैलाश यात्रा में बहे श्रद्धालुओं के लिए चला सर्च अभियान, नहीं मिला सुराग

Saturday, Jul 28, 2018 - 07:58 PM (IST)

रिकांगपिओ: किन्नर कैलाश यात्रा पर गए श्रद्धालुओं को शनिवार दोपहर तक बचाव दल ने सही सलामत निकाल लिया है। बहरहाल अब तक सर्च टीम को कुछ हाथ नहीं लग पाया है, मगर प्रशासन की ओर से शनिवार सुबह 9 बजे आपातकालीन बैठक बुलाकर तुरंत सर्च अभियान के लिए रैस्क्यू टीम को रवाना कर दिया है जो अब सर्च अभियान में जुटी है। किन्नौर के विधायक जगत सिंह नेगी ने प्रशासन की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद घटना स्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन को कांगरांग नाला के पास अस्थायी पुल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से मिलकर उनकी समस्याओं को जाना। वहीं वह प्रशासन के राहत कार्यों से खुश नहीं दिखे।


बाढ़ में बहे महिला-युवक का नहीं मिला सुराग
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को तांगलिंग के कांगरांग खड्ड में अचानक बाढ़ आने से इस खड्ड को पार करते समय महाराष्ट्र पुणे निवासी 47 वर्षीय महिला संगीता मोरया बह गई थी जबकि इसी खड्ड के काफी ऊपर की ओर भी एक अन्य युवक कुलदीप ठाकुर शिमला निवासी इस बाढ़ में बह गया। हालांकि अब तक दोनों का सुराग नहीं मिल पाया है। शुक्रवार देर रात डेढ़ बजे भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के उपसेनानी प्रवीण सिंह के नेतृत्व में 2 अधिकारी एवं 23 जवानों ने एक एम्बुलैंस, एक बस सहित एक जिप्सी के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर पंजाब, हरियाणा, गुजरात एवं महाराष्ट्र के 33 श्रद्धालुओं के बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि इस बचाव दल में पुलिस व होमगार्ड के जवानों सहित स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में जुटे रहे।


128 श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला
शनिवार को कांगरांग खड्ड के पास बचाव कार्य में जुटी बचाव टीम सहित स्थानीय लोगों ने 128 श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाल लिया है। अभी भी इस खड्ड से ऊपर किन्नर कैलाश के रास्ते में कई श्रद्धालु फंसे होने की आशंका है। प्रशासन की ओर इस रास्ते की ओर विशेष टीम गठित कर खाने-पीने के सामान एवं कपड़ों सहित रवाना कर दी गई है, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी कोई न हो।

Vijay