राजधानी में स्क्रब टाइफस की दस्तक, आई.जी.एम.सी. पहुंचे 3 लोग

Wednesday, Aug 08, 2018 - 05:19 PM (IST)

शिमला: प्रदेश की राजधानी में अब स्क्रब टाइफस ने दस्तक दे दी है। आई.जी.एम.सी. में स्क्रब टाइफस के 3 मामले आए हैं। ये तीनों पीड़ित शिमला के रहने वाले हैं और आई.जी.एम.सी. में अपना उपचार करवा रहे हैं। इनमें एक महिला व 2 पुरुष शामिल हैं। वर्तमान वर्ष में स्क्रब टाइफस के ये पहले मरीज आए हैं। पिछले वर्ष की अगर बात की जाए तो कई लोगों की स्क्रब टाइफस से मौत हो चुकी है, ऐसे में इस वर्ष भी अब स्क्रब टाइफस के मामले आने शुरू हो गए हैं। स्क्रब टाइफस बरसात के दिनों में उगने वाली घास में पाए जाने वाले पिस्सू से अधिक फैलता है, जिससे मौत तक भी हो सकती है, ऐसे में अब लोगों को सावधानी बरतनी होगी।

क्या है स्क्रब टाइफस
स्क्रब टाइफस एक जीवाणु से संक्रमित पिस्सू के काटने से फैलता है जो खेतों, झाडिय़ों व घास में रहने वाले चूहों में पनपता है। जीवाणु चमड़ी के माध्यम से शरीर में फैलता है और स्क्रब टाइफस बुखार बन जाता है। विभागाधिकारियों का कहना है कि मॉनीटरिंग की जा रही है और रोजाना रिपोर्ट निदेशालय और सचिवालय भेजी जाती है।

डेंगू के 4 मरीज करवा रहे उपचार
आई.जी.एम.सी. में डेंगू के 4 के करीब मरीज अपना उपचार करवा रहे हैं। ये मामले शिमला से नहीं हैं बल्कि बिलासपुर से रैफर होकर मरीज आई.जी.एम.सी. पहुंचे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि आई.जी.एम.सी. में डेंगू का नया एक भी मामला नहीं आया है। जो मरीज उपचार करवा रहे हैं वे दूसरे अस्पतालों से रैफर होकर आए हैं।

Vijay