मनाली में स्क्रब टाइफस की दस्तक, स्वास्थ्य विभाग सतर्क

Wednesday, Aug 25, 2021 - 09:19 PM (IST)

पतलीकूहल (ब्यूरो): मनाली में स्क्रब टाइफस ने दस्तक दे दी है। एक सप्ताह के भीतर मिशन अस्पताल मनाली में 6 मामले सामने आए हैं। 6 लोगों में से 4 का मिशन अस्पताल में उपचार चल रहा है जबकि 2 मरीजों को छुट्टी दे दी है। कोविड-19 के साथ-साथ लोगों को अब स्क्रब टाइफस बीमारी के खिलाफ  भी जागरूक करना आवश्यक हो गया है। बरसात का मौसम है और इस दौरान स्क्रब टाइफस फैलने का खतरा अधिक होता है। लोगों को इसके बारे में जानकारी हो तो इससे समय रहते बचा जा सकता है।

मिशन अस्पताल द्वारा सूचना देने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। स्वास्थ्य विभाग की मानें तो लोगों को स्क्रब टाइफस और अन्य जीवाणु तथा वायरस जनित रोगों से बचाव को लेकर शिक्षित एवं जागरूक करने पर बल दिया जा रहा है। बीएमओ नग्गर डॉ. रणजीत ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग सतर्क है और लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक कर रहा है।

मिशन अस्पताल मनाली के प्रभारी डॉ. फिलिप ने बताया कि मनाली में अगस्त व सितम्बर महीने में स्क्रब टाइफस के फैलने की आशंका अधिक रहती है। स्क्रब टाइफस वाले मरीज को 104 से 105 डिग्री तक बुखार होता है। जोड़ों में दर्द, सांस में दिक्कत, गर्दन, बाजुओं के निचले भाग व कूल्हों में गिल्टियां होना इसके लक्षण होते हैं। कोई भी लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में जाकर डॉक्टर को दिखाएं।

Content Writer

Vijay