आग से झुलसी वृद्ध महिला की टांडा मैडीकल अस्पताल में मौत

Friday, Mar 31, 2017 - 12:15 AM (IST)

बिझड़ी: विकास खंड बिझड़ी के मंडयारा गांव में हुए आग के हादसे में बुरी तरह झुलसी 70 वर्षीय वृद्ध महिला ने वीरवार को टांडा मैडीकल कालेज कांगड़ा में दम तोड़ दिया। बताते चलें कि अगर बिझड़ी या इसके आसपास अग्निशमन केंद्र स्थापित होता तो शायद गायत्री देवी की जान बच जाती। बुधवार दोपहर बाद हुए इस हादसे का शिकार गायत्री देवी को क्या पता था कि अगली सुबह उसके जीवन की आखिरी सुबह होगी। हुआ यूं था कि उक्त महिला जब मकान को आग लगी थी तो आनन-फानन में घर के अंदर रखे सामान को निकालने लग गई तथा यह सुध-बुध भी खो बैठी कि मकान जल रहा है, इतने में महिला आग की चपेट में बुरी तरह से झुलस गई। 

घावों की पीड़ा नहीं हुई सहन
आसपास के लोगों ने महिला को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला तथा 108 एम्बुलैंस में सीधे बड़सर ले गए जहां पर डाक्टरों ने तुरंत प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे जिला अस्पताल हमीरपुर रैफर कर दिया, जहां से महिला को नाजुक हालत में टांडा रैफर कर दिया गया परंतु वृद्ध महिला घावों के ताव को न सहन कर सकी तथा टांडा मैडीकल कालेज में दम तोड़ दिया। बड़सर पुलिस के डी.एस.पी. अशोक वर्मा ने बताया कि मामले की छानबीन जारी है।