आग से झुलसी 3 महिलाओं ने अस्पताल में तोड़ा दम

Thursday, Jun 15, 2017 - 01:52 AM (IST)

कांगड़ा: डा. राजेंद्र प्रसाद मैडीकल कालेज टांडा में 3 अलग-अलग मामलों में आग से झुलसी 3 महिलाओं की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने 2 मामलों में ससुराल वालों पर प्रताडऩा का मामला दर्ज किया है। पहले मामले में थुरल पुलिस थाना के अंतर्गत महिला रानी देवी (30) निवासी साही को उपचार के लिए 7 जून को थुरल से रैफर करके टांडा अस्पताल लाया गया था। उसने अपने बयान में बताया था कि उसका पति विपन कुमार व सास उसको हमेशा प्रताडि़त करते रहते हैं, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने तब उसकी सास व पति के विरुद्ध धारा 498-ए के तहत मामला दर्ज किया था। महिला की शादी लगभग 12 साल पहले हुई थी और उसके 3 बच्चे हैं। महिला की मौत के बाद पुलिस ने धारा 306 व 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 

जलोट की सुनीता 9 जून से थी उपचाराधीन
डी.एस.पी. कांगड़ा सुरेंद्र शर्मा के अनुसार सुनीता देवी (28) निवासी जलोट द्वारा खुद को आग लगाने के बाद 9 जून को उपचार के लिए टांडा लाया गया था। उक्त महिला ने अपने पति सुनील कुमार के खिलाफ प्रताडऩा करने का आरोप लगाया था। उस समय पुलिस ने महिला के बयानों पर धारा 498-ए  के तहत मामला दर्ज किया था। महिला क ी मौत के बाद उसके पति के खिलाफ धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार महिला का पति भी उस समय झुलस गया था, जब उसकी पत्नी ने खुद को आग लगाई और वह उसे बचाने लगा। पुलिस के अनुसार वह टांडा में उपचाराधीन है और जब उसकी अस्पताल से छुट्टी होगी तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

शाहतलाई में स्टोव की चपेट में आई थी महिला
आग से झुलसने का तीसरा मामला शाहतलाई से है। डी.एस.पी. शाहतलाई राजेश शर्मा के अनुसार रेखा देवी (30) पत्नी सुंदर सिंह निवासी शाहतलाई ने आपने बयान में बताया था कि वह स्टोव पर काम करते समय आग की चपेट में आने से झुलस गई थी। उसको 10 जून को उपचार के लिया टांडा लाया गया था, जहां घावों के ताव न सहते हुए उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार अभी धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और अगर किसी और प्रकार की शिकायत आती है तो उसके अनुसार अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिए हैं।