नौणी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक को गुजरात में मिला ये Award, जानने के लिए पढ़ें खबर

Wednesday, Jan 23, 2019 - 04:27 PM (IST)

सोलन: डा. यशवंत सिंह परमार उद्यानिकी और वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के कीट वैज्ञानिक डॉ. राजकुमार ठाकुर को गुजरात में लाइफटाइम अचीवमैंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। डॉ. राजकुमार ठाकुर को मंगलवार को नवसारी कृषि विश्वविद्यालय गुजरात में आयोजित खाद्य और पोषण सुरक्षा में कीटों और रोगों के सतत् प्रबंधन पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी के दौरान इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार मधुमक्खी पालन और आर्थिक कीटविज्ञान के क्षेत्र में डॉ. राजकुमार ठाकुर के सराहनीय योगदान के लिए दिया गया है। वर्तमान में डॉ. राजकुमार ठाकुर विश्वविद्यालय के विस्तार शिक्षा निदेशालय में सयुंक्त निदेशक (संचार) के पद पर कार्यरत हैं। इसके अलावा डा. ठाकुर को हाल ही में इंदिरा गांधी प्रौद्योगिकी और चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय, अरुणाचल प्रदेश द्वारा कृषि, पादप संरक्षण, मधुमक्खी पालन, कीट विज्ञान और संबंधित विषयों में एक रिसर्च गाइड के रूप में इमपैनल किया गया है।

बर्लिन की हंबोल्ड यूनिवर्सिटी से पूरी की पोस्ट डॉक्टरेट

नौणी वि.वि. से अपनी पी.एचडी. की डिग्री करने के बाद डॉ. राजकुमार ठाकुर ने जर्मनी के बर्लिन शहर स्थित हंबोल्ड यूनिवर्सिटी से अपनी पोस्ट डॉक्टरेट पूरी की। उन्होंने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना (मधुमक्खियों और पोलिनेटर) में परियोजना समन्वयक के रूप में भी कार्य किया है। इस कार्यक्रम में उन्होंने अनुसंधान के लिए 26 ए.आई.सी.आर.पी. केंद्रों को नेतृत्व प्रदान किया और देश के विभिन्न राज्यों में मधुमक्खी पर आदिवासी उपयोजना के प्रशिक्षण की व्यवस्था की। नौणी वि.वि. के कुलपति डा. एच.सी. शर्मा और अन्य संकाय ने इस मौके पर उन्हें बधाई दी।

Vijay