स्कूलों के खेल कैलेंडर की होगी समीक्षा

Wednesday, Jun 19, 2019 - 12:03 PM (IST)

 

पालमपुर (भृगु): स्कूलों के खेल कैलेंडर की समीक्षा की जाएगी। भीषण गर्मी में प्रारंभिक व उच्च विद्यालयों में खेलें करवाए जाने का मामला उठने के पश्चात अब विभाग ने इस बारे में सभी पक्षों की राय लेकर समीक्षा करने की बात कही है। पंजाब केसरी ने 14 जून के अंक में आग उगलता आसमान, बच्चे करेंगे श्रेष्ठता के लिए घमासान शीर्षक से इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी के दृष्टिगत स्कूलों के खुलने व बंद होने के समय में परिवर्तन किया गया है वहीं प्रार्थना सभाओं में शारीरिक क्रियाएं भी बच्चों से न करवाए जाने के निर्देश जारी हुए हैं परंतु इससे इतर स्कूलों में खेल प्रतियोगिताएं पूर्व निर्धारित खेल कैलेंडर के अनुसार ही करवाई जा रही हैं जिसे लेकर प्रदेश स्कूल डी.पी.ई. संघ ने भी खेल कैलेंडर में परिवर्तन किए जाने का आग्रह विभाग से किया है। 

इसी सप्ताह से प्रदेश में अनेक स्थानों पर खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं की जा रही हैं जबकि जुलाई के आरंभ में अंडर-19 खेल प्रतियोगिताएं आरंभ होंगी। राज्य में भीषण गर्मी के कारण अनेक स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सैल्सियस को छू रहा है। ऐसे में विशेषज्ञ भी मानते हैं कि अधिक तापमान के कारण शरीर में आवश्यक पानी की कमी हो सकती है वहीं पसीने के साथ लवण तथा अन्य तत्वों की कमी से भी मांसपेशियों में ऐंठन, सिरदर्द तथा चक्कर आदि आने की संभावना बनी रहती है। प्रस्तावित खेल प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चे कबड्डी, वॉलीबाल, खो-खो व बैडमिंटन के अतिरिक्त 100, 200, 400 तथा 600 मीटर दौड़, ऊंची कूद व लंबी कूद स्पर्धा में भाग लेंगे। इन सभी स्पर्धाओं में शारीरिक श्रम की आवश्यकता रहती है।

Ekta