स्कूल बैग के साथ उफनती नदी में कूदी छात्रा, पुलिस छानबीन में जुटी

Friday, Aug 24, 2018 - 10:26 PM (IST)

चम्बा: शुक्रवार की शाम करीब सात बजे एक युवती ने साल नदी में छलांग लगा दी। उक्त युवती को छलांग लगाते हुए वहां मौजूद कुछ बच्चों ने देखा तथा आसपास के लोगों को इस घटना के बारे में जानकारी दी। स्थानीय लोग तुरंत दौड़ कर मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस बारे में पुलिस को जैसे ही सूचना मिली तो उसने तुरंत मौके पर पहुंच कर स्थानीय लोगों की मदद से लड़की को तलाशने का प्रयास किया लेकिन उफनती नदी में लड़की का कोई पता नहीं चला। फिलहाल नदी के किनारे पर तैरता हुआ छात्रा का स्कूल बैग मिला है, जिसमें किताबों के अलावा स्कूल की वर्दी भी पाई गई। जमा दो कक्षा की किताबों में छात्रा का नाम अकांक्षा बरमोत्रा पाया गया है। इससे यह संभावना जताई गई है कि छलांग लगाने वाली लड़की जमा दो कक्षा की छात्रा थी।

नदी में गिरते ही चंद सैकेंड में लापता हो गई छात्रा
यह घटना पक्काटाला-बालू मार्ग पर साल नदी के ऊपर बने पुल पर घटी है। बताया जा रहा है कि उक्त लड़की स्कूल बैग लेकर चम्बा की तरफ से आई और पुल के बीच पहुंच कर उसने सीधे नदी में स्कूल बैग सहित छलांग लगा दी। लड़की जैसे ही पानी के बहाव के संपर्क में आई तो चंद ही सैकेंड में लापता हो गई। यह नदी उक्त स्थान से चंद मीटर की दूरी पर रावी नदी के साथ जा मिलती है, ऐसे में लड़की के अब रावी नदी में ही मिलने की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस ने रिपोर्ट डाल कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है और किताबों में लिखे पते पर संपर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एस.पी. चम्बा डा. मोनिका ने की है।

Vijay