छात्रवृत्ति घोटाला: प्राइवेट इंस्टीच्यूट में छात्रों की फर्जी संख्या दिखाकर स्कॉलरशिप में करोड़ों का गबन

Thursday, Aug 23, 2018 - 02:04 PM (IST)

शिमला (देवेंद्र हेटा): शिक्षा विभाग द्वारा छात्रवृत्ति घोटाले में की गई जांच ने हैरान करने वाले तथ्य सामने लाए हैं। इसमें पता चला है कि छात्रवृत्ति की कुल रकम का 80 फीसदी बजट मात्र 11 फीसदी प्राइवेट इंस्टीच्यूट के छात्रों को दिया गया है। यानि मात्र 2013-14 से 2016-17 तक 924 प्राइवेट इंस्टीच्यूट के छात्रों को 210.05 करोड़ तथा 18682 सरकारी संस्थानों के छात्रों को मात्र 56.35 करोड़ रुपए स्कॉलरशिप के दिए गए हैं। शिक्षा विभाग ने निजी संस्थानों को दिए गए 80 फीसदी बजट में गड़बड़ी की संभावना को देखते हुए सरकार से जांच की मांग की है। इसी रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने केंद्रीय जांच एजैंसी सी.बी.आई. को इस गंभीर मामले की जांच सौंप दी है।

आरोप है कि निजी संस्थानों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर छात्रवृत्ति की मोटी रकम को हड़पा है। जनजातीय क्षेत्रों के छात्रों को कई साल तक स्कॉलरशिप नहीं मिल पाई। ऐसे ही एक छात्र की शिकायत पर इस फर्जीवाड़े से पर्दा उठा है। शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट के मुताबिक साल 2013-14 से साल 2016-17 तक प्री और पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के तौर पर छात्रों को कुल 266.32 करोड़ रुपए दिए गए हैं। इनमें गड़बड़़ी पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप में हुई है। 

पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप में कुल 260 करोड़ 31 लाख 31 हजार 715 रुपए दिए गए हैं। छात्रवृत्ति की जो राशि प्रदेश के छात्रों को मिलनी थी, उसे देशभर के अलग-अलग क्षेत्रों में गलत तरीके से बांटे जाने का आरोप है। छात्रवृत्ति का कुछ हिस्सा भाजपा नेता या उनके रिश्तेदारों द्वारा चलाए जा रहे निजी संस्थानों में भी गया है। दीगर रहे कि राज्य और केंद्र सरकार 2 दर्जन से अधिक स्कॉलरशिप स्कीमों में छात्रों को वित्तीय सहायता प्रदान करती हैं, ताकि छात्र अपनी शिक्षा को पूर्ण कर सकें। 

किस साल कितनी दी गई छात्रवृत्ति?
1. साल 2013-14 में 4491 सरकारी संस्थानों को 12.17 करोड़, 267 निजी संस्थानों को 38.09 करोड़ रुपए तथा सरकारी अनुदान प्राप्त 8 संस्थानों को 2.54 लाख की छात्रवृत्ति दी गई।
2. साल 2014-15 में 5071 सरकारी संस्थानों को 15.12 करोड़, 283 निजी संस्थानों को 62.37 करोड़ तथा सरकारी अनुदान प्राप्त 10 संस्थानों को 11.79 लाख रुपए दिए गए।
3. साल 2015-16 में 4344 सरकारी संस्थानों को 13.85 करोड़़, 274 निजी संस्थानों को 58.97 करोड़ तथा सरकारी अनुदान प्राप्त 7 संस्थानों के बच्चों को छात्रवृत्ति के 5.46 लाख रुपए दिए गए।
4. साल 2016-17 में 4776 सरकारी संस्थानों को 14.98 करोड़़, 100 निजी संस्थानों को 50.61 करोड़ तथा सरकारी अनुदान प्राप्त 2 संस्थानों को छात्रवृत्ति के 28080 रुपए दिए गए। 

छात्रवृत्ति के लाभार्थी छात्रों और संस्थानों का ब्यौरा
कुल लाभार्थी                                                265463
लाभार्थी जिन्हें छात्रवृत्ति मिली                         237969
कुल संस्थान                                                2772
प्राइवेट इंस्टीच्यूट                                          924
सरकारी संस्थान                                            18662
निजी संस्थानों को छात्रवृत्ति                             2100433703
सरकारी संस्थानों को छात्रवृत्ति                          563435168
कुल बजट सरकारी व निजी को                        2663150465
1 मोबाइल का विभिन्न आवेदनों में प्रयोग          19918
बिना आधार के छात्रवृत्ति के आवेदन                   5262
एक बैंक खाते का विभिन्न आवेदनों में प्रयोग      181

Ekta