सत्ती ने ली चुटकी, बोले-विकास नहीं भ्रष्टाचार के कारण थक गए हैं वीरभद्र

Saturday, Sep 16, 2017 - 06:23 PM (IST)

ऊना: विकास के कारण नहीं भ्रष्टाचार के आचरण के कारण मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह थक और हार गए हैं। यह बात ऊना शहर में अपने जनसंपर्क अभियान के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कही। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के विरुद्ध मामले कांग्रेस की यू.पी.ए. सरकार के समय से चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह जान-बूझकर केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाने का काम कर रहे हैं जबकि स्वयं उन्होंने आयकर रिटर्न फाइल की है और खुद सेबों को स्कूटरों व टैंकरों में ले जाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अब जब जांच हो रही है तो सी.एम. घबरा रहे हैं।

मुख्यमंत्री को उनके कर्म दिलाएंगे सजा 
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को सजा देने की जरूरत भाजपा को नहीं बल्कि उनके कर्म उन्हें सजा तक पहुंचाएंगे। सत्ती ने कहा कि सत्ता में आते ही कांग्रेस सरकार ने जो राजनीतिक आधार पर निर्णय किए हैं, उनका गुण-दोष के आधार पर पुनर्विचार होगा। उन्होंने कहा कि सत्ता जाने को है और कांग्रेस सरकार अहम मामलों में कुछ चुनिंदा लोगों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है। इन सब निर्णयों की समीक्षा होगी। उन्होंने कहा कि चुनावी बेला पर घोषणाएं का शिलान्यास करना महज नौटंकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश पर करोड़ों का कर्ज लादकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अपनी पीठ थपथपा रहे हैं।