सत्ती ने प्रदेश की संस्कृति को किया कलंकित, डूबेगी भाजपा की किश्ती : मनमोहन

Tuesday, Apr 16, 2019 - 11:03 PM (IST)

इंदौरा (अजीज): भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती द्वारा राहुल गांधी को लेकर गत दिनों मीडिया में उछली कथित अभद्र टिप्पणी को कांग्रेस प्रदेश महासचिव एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष युकां मनमोहन कटोच ने आड़े हाथों लिया है। उन्होंने एक प्रैस बयान के माध्यम से कहा कि सत्ती ने जो राहुल गांधी पर अभद्र टिप्पणी की है, यह उनकी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि शायद सतपाल सत्ती की ऐसी मानसिकता के चलते ही ऊना की जनता ने उन्हें नकार दिया था और यही कारण रहेगा कि सत्ती जैसे लोगों के कारण भाजपा की किश्ती डूबेगी और इन चुनावों में कांग्रेस भारी बहुमत से विजयी होगी।

लोग ऐसी सोच से बचें

उन्होंने कहा कि भाजपा नेता चाहे वो साक्षी महाराज हों, गिरिराज सिंह हों, योगी आदित्यनाथ हों या फिर सतपाल सत्ती सरीखे अन्य भाजपा नेता जिनके बिगड़े बोल आए दिन अखबारों या अन्य माध्यमों से सामने आते रहते हैं, ऐसे में जैसी मानसिकता भाजपा के लोगों की सामने आती है यह मानसिकता भारतीय समाज के लिए हानिकारक सोच है और लोग ऐसी सोच से बचें।

आम लोगों से कैसा बर्ताव करेंगे ऐसे लोग

उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे राज्य में जैसी संस्कृति है ऐसे में सत्ती ने अभद्र भाषा का प्रयोग कर प्रदेश की गरिमा को भी कलंकित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जो लोग अभी से दंभपूर्ण बातें कर रहे हैं। यदि ऐसे लोगों को सत्ता जमा दी जाए तो वे आम लोगों से कैसा बर्ताव करेंगे। उक्त लोग तो विपक्षी पार्टी के उच्च नेता की गरिमा व शिष्टाचार ही नहीं जानते।

Vijay