राठौर के बयान पर सत्ती का पलटवार, कहा-कांग्रेस मनाए अपनी हार का मातम

punjabkesari.in Wednesday, Nov 20, 2019 - 06:07 PM (IST)

ऊना (अमित): जयराम सरकार द्वारा 2 साल का कार्यकाल पूरा होने पर जश्न मनाने की घोषणा के बाद से ही कांग्रेस भाजपा सरकार को घेरने में जुटी है। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर के बयान पर पलटवार करते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष किसी न किसी तरह का बयान देकर अखबारों की सुर्खियां बटोरने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मातम वो मनाएं, जिनकी धर्मशाला में जमानत जब्त हुई है और जिनके चारों एमपी 4-4 लाख वोटों से हारे हैं। हम तो पूरे देश के अंदर मोदी के नेतृत्व में अच्छी सरकार चला रहे हैं।

सीएम के नेतृत्व में चल रही अच्छी सरकार

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जयराम ठाकुर के नेतृत्व में अच्छी सरकार चल रही है, जिसके 2 वर्ष पूरे हो रहे हंै। हम उपलब्धियां लेकर जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा कि कोई जश्न बिना काम किए हुए नहीं मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुशासन तो कांग्रेस के समय था। कुलदीप राठौर उस समय राजनीति में थे नहीं। वीरभद्र सिंह उन्हें कुछ मानते नहीं थे। उस समय कुलदीप राठौर वकालत करते थे। समय बदलने के नाते अध्यक्ष बने हंै तो ऐसे में कोई न कोई प्रतिक्रिया देकर हंसी के पात्र भी बनते हैं।

पत्र बम को लेकर दोषी के खिलाफ संगठन करेगा कार्रवाई

उन्होंने पत्र बम को लेकर कहा कि मामले में जांच रिपोर्ट आ गई, जिसमें कुछ लोगों के नाम शामिल हैं। इसमें भाजपा के कार्यकर्ता और लीडर भी हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ संगठन कार्रवाई करेगा। इसमें सरकार क्या करेगी ये मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तय करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा में कुछ लोगों को बहुत लंबे समय से आदत पड़ी हुई है। जब शांता कुमार मुख्यमंत्री होते थे तो उनके विरोध में भी काफी लोग षड्यंत्र रचते थे। जब प्रेम कुमार धूमल मुख्यमंत्री रहे तो उस समय कुछ लोगों ने हो हल्ला मचाकरसरकार को बदनाम करने की कोशिश की। समय-समय पर समझौते के चलते परिस्थितियां बदलती रहीं।

षड्यंत्रकारियों के खिलाफ होगी आर-पार की कार्रवाई

उन्होंने कहा कि आज भी विरोध करने वाले लोग अच्छा काम कर रहे हैं। कई बार व्यक्ति को गलतफहमियां भी हो जाती हंै। ऐसे ही अब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समय भी कुछ लोगों को गलतफहमियां हुई हैं लेकिन अब जो भी षड्यंत्रकारी नीतियां करेगा, उसके खिलाफ आर-पार की कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News