सत्ती ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा-ऊना में सिर्फ आराम फरमाने आते थे वीरभद्र सिंह

Sunday, Jul 21, 2019 - 08:23 PM (IST)

ऊना: जिला ऊना में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह केवल आराम फरमाने आते थे और ऊना को कुछ भी नहीं देकर जाते थे सिर्फ वायदों का झुनझुना थमा जाते थे और कांग्रेसी उसी झुनझुने को बजाते रहते थे। यह बात ऊना के रामपुर पंचायत में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कही। सत्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में ऊना विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति को तेज किया गया है। ऊना में हर क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री के सहयोग से करोड़ों रुपए मिले हैं। अनेक योजनाओं पर काम शुरू कर दिया गया है।

सत्ती ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में ऊना विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सिर्फ आराम करने आते थे, जिसके चलते क्षेत्र में विकास कार्यों की अनदेखी की गई थी। अब सत्ता बदलाव के बाद नए विकास युग की शुरूआत हुई है। उन्होंने कहा कि सड़कों के लिए करीब 40 करोड़ से अधिक का धन खर्च किया जा रहा है। 30 करोड़ से अधिक की लागत का बस स्टैंड बनकर तैयार हो रहा है, जिसका जल्द उद्घाटन कर दिया जाएगा।

ऊना-संतोषगढ़ सड़क जिसकी हालत काफी खराब थी, उसे नए सिरे से बनाने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। ऊना सदर हलके में बिजली की दिक्कत को दूर करने के लिए करोड़ों रुपए के ट्रांसफार्मर व विद्युत लाइनें बिछाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिला मुख्यालय पर मिनी सचिवालय का शिलान्यास कर दिया है जिसका कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यालय को कांग्रेस कार्याकाल में रोका गया था। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास पर अधिक फोकस किया जा रहा है ताकि गांव में सुविधाएं बढ़ें।

Vijay