नशे के अवैध कारोबार को लेकर सत्ती ने कांग्रेस पर साधा निशाना, जानिए क्या बोले

Sunday, Jun 10, 2018 - 08:45 PM (IST)

दौलतपुर चौक: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने दौलतपुर चौक में सांसद स्टार खेल महाकुम्भ के शुभारंभ अवसर पर कहा कि जयराम सरकार ने जिला ऊना सहित प्रदेश के आला अधिकारियों को प्रदेश भर से नशे की बुराई को जड़ से उखाडऩे के लिए खुली छूट दी है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी आरोपी को कतई बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितनी ऊंची पहुंच क्यों न रखता हो।


कांग्रेसी बताएं, क्या पंजाब से आ रहा नशा?
उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि जब प्रदेश में वीरभद्र और पंजाब में भाजपा-अकाली गठबंधन सरकार सत्तासीन थी तो प्रदेश में जब भी नशे के मामले सामने आते थे तो कांग्रेसी सीधा आरोप लगा देते थे कि यह खेप पंजाब से आ रही है। कांग्रेस का यह खेल पंजाब की भाजपा-अकाली गठबंधन सरकार को बदनाम करने की साजिश था। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में नशे के अवैध कारोबारियों पर कड़ा शिकंजा कसा जा रहा है तरे कांग्रेसियों को सांप सूंघ गया है। कांग्रेसी अब भी बताएं कि क्या यह नशा पंजाब से आ रहा है?


कांग्रेस के संरक्षण में नशे के अवैध कारोबार से तबाह हुए कई घर
उन्होंने पूर्व कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिला व प्रदेश में 5-6 साल पहले नौजवान यह भी नहीं जानते थे कि चिट्टा या स्मैक क्या होती है लेकिन कांग्रेस के संरक्षण में नशे के इस अवैध कारोबार ने कई घरों को अब तबाह कर दिया है। उन्होंने सांसद स्टार खेल महाकुम्भ के आयोजन को युवा वर्ग के लिए प्रतिभा निखारने का मंच करार देते हुए कहा कि निश्चित तौर पर ऐसे आयोजनों के माध्यम से गांवों से लेकर कस्बों व शहरों तक युवा अपना व अपने परिजनों का नाम ऊंचा करेंगे।

Vijay