सत्ती बोले- पार्टी जब चाहे अध्यक्ष बना सकती है और जब चाहे हटा सकती है

Tuesday, Jan 24, 2017 - 11:53 AM (IST)

हमीरपुर:पिछले दिनों मीडिया में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा के प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बनने की खबर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती से भोटा में आयोजित जिला भाजपा की आवासीय बैठक में स्थानीय पत्रकारों ने इसके बारे में सवाल पूछा। जिस पर प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा के प्रदेशाध्यक्ष बनने की खबर मीडिया में ही आई है तथा मीडिया ही इसके बारे में बता सकता है। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी का आम कार्यकत्र्ता की तरह हूं। उन्होंने कहा कि पार्टी ही अध्यक्ष बनाती है और पार्टी ही अध्यक्ष पद से हटाती है।


उन्होंने कहा कि जब पार्टी का आदेश उन्हें अध्यक्ष पद से हटने का आएगा तो वह अध्यक्ष पद से हट जाएंगे। उन्होंने पत्रकारों के एक और सवाल के जवाब में कहा कि भोरंज उपचुनाव हो या फिर आम विस चुनाव इसमें भाजपा की जीत पक्की है तथा कांग्रेस का सत्ता से जाना तय है। उन्होंने कहा कि अभी यू.पी., पंजाब व उत्तराखंड सहित 5 राज्यों के चुनाव होने हैं, उनमें भाजपा की जीत पक्की है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही यू.पी. के मथुरा में विस चुनाव के प्रचार के लिए जाएंगे तथा पंजाब में भी प्रचार के लिए जाएंगे।