सत्ती बोले-सुखराम की सजा का मुद्दा अलग, उनके पुत्र की छवि साफ

Saturday, Oct 28, 2017 - 10:30 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश भाजपा में सबसे अधिक समय तक अध्यक्ष पद पर सेवाएं देने वाले युवा नेता सतपाल सिंह सत्ती 3 बार ऊना से विधायक चुने जा चुके हैं और इस मर्तबा चौथी बार चुनाव मैदान में हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उनसे विभिन्न विषयों पर बातचीत की गई। उन्होंने विशेष बातचीत में कहा कि हिमाचल प्रदेश में वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरी होने के कारण जनता का विश्वास खो चुकी है। कांग्रेस को अपने इस भ्रष्टाचार का उत्तर चुनाव में लोगों को देना होगा। उन्होंने कहा कि पंडित सुखराम की सजा एक अलग मुद्दा है लेकिन उनके बेटे अनिल शर्मा की छवि साफ है। वह किसी भी विवाद में शामिल नहीं हंै। कांग्रेस के कुछ अन्य वरिष्ठ नेता भी पार्टी में शामिल होने को उत्सुक थे। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व से संपर्क भी किया लेकिन उनको अनुमति नहीं दी गई। 

कांग्रेस की गलत नीतियों व केंद्र के अच्छे कार्यों के आधार पर लड़ रहे चुनाव 
उन्होंने कहा कि हम इस चुनाव को कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों तथा केंद्र में भाजपा सरकार की तरफ से किए गए अच्छे कार्यों के आधार पर लड़ रहे हैं। पूर्व में भाजपा सरकार ने भी प्रदेश में विकास कार्यों को गति प्रदान की थी। कांग्रेस की तरफ से कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री पद का प्रत्याशी घोषित किया गया है। इसके विपरीत भाजपा मिलकर चुनाव लड़ रही है। यहां पर स्थिति बहुत स्पष्ट है कि शीर्ष नेतृत्व जो भी निर्णय लेगा, वह सबको स्वीकार्य होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह नवम्बर के पहले सप्ताह में रैलियों को संबोधित करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चिट्टा और अवैध खनन कुछ ऐसे मुद्दे हैं, जो सीमावर्ती क्षेत्रों में उभरकर सामने आए हैं।

मिशन 50 प्लस की दिशा में बढ़ रही भाजपा
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मिशन 50 प्लस का लक्ष्य दिया है और हम इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में बड़े पैमाने पर ऐसा किया गया। इस बार शीर्ष नेताओं ने असंतुष्ट नेताओं के साथ चलने का निरंतर प्रयास किया है। जिन उम्मीदवारों को टिकट नहीं दिए जा सके, हमने उनमें से अधिकतर को मनाया है। पार्टी को अब नुक्सान की संभावना कम है।