सत्ती बोले-बौखलाए कांग्रेसी सरकार पर बना रहे दोषियों को छुड़ाने का दबाव

Friday, Mar 23, 2018 - 12:16 AM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि कांग्रेस नेता बौखलाहट में हैं। ये कांग्रेसी दोषियों को छुड़ाने के लिए सरकार पर दबाव बना रहे हैं। वीरवार को रैस्ट हाऊस ऊना में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपाध्यक्ष ने कहा कि आने वाले दिनों में प्रदेश सरकार माफिया पर और भी बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। किसी भी माफिया को कतई बख्शा नहीं जाएगा क्योंकि भाजपा का चुनावों से पहले माफिया हटाने का वायदा प्रदेश की जनता से किया गया था। माफिया पर अब कार्रवाई हो रही है तो कभी कांगड़ा के नूरपुर, जसूर तो कभी ऊना से कांग्रेसी नेता परेशानी में हाय-तौबा मचा रहे हैं। तिलमिलाहट में अधिकारियों के घेराव तक कांग्रेसी नेता कर रहे हैं।

चेहरा कोई और ब्लैकमनी किसी और की 
सत्ती ने आरोप लगाया कि कुछ नेता चुनावों में माफिया एवं ब्लैकियों से एकत्रित किए गए धन का इस्तेमाल करते हैं। ब्लैकियों व माफिया से लिए गए धन के बलबूते ही समाजसेवा का ढोंग रचा जाता है। उन्होंने कहा कि कुछ नेता बड़े दानी होने का दम भरते हैं। उनके बैंक खातों की जांच होनी चाहिए। इसके साथ पता किया जाना चाहिए कि कौन-कौन लोग हैं, जो जनता में बांटे जा रहे तोहफों के लिए असल में पैसा देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चेहरा कोई और होता है और उसके पीछे ब्लैकमनी किसी और की होती है।  

के.सी.सी.बी. के कर्जों की हो उच्च स्तरीय जांच
सत्ती ने कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक में बांटे गए कर्जों की भी उच्च स्तरीय जांच की आवश्यकता पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि वह सरकार से मांग करेंगे कि बैंक का विशेष ऑडिट किया जाए। प्रवासी लोगों को दिए गए ऋण के साथ-साथ उन लोगों का भी पता लगाया जाए, जिन्हें बैंक के कुछ लोगों ने रसूखदारों को बिना कायदे-कानून के लाखों-करोड़ों के ऋण बांटे हैं। उन्होंने कहा कि उनके ध्यान में ऐसे मामले आए हैं, जब गरीब व्यक्ति को 10 कनाल जमीन की एवज में 1 लाख रुपए का ऋण जबकि रसूखदार को एक कनाल जमीन की एवज में 10 लाख रुपए का ऋण दिया गया है।  

अब तक पकड़े आरोपियों का सीधा कांग्रेस पार्टी से संबंध 
उन्होंने कहा कि अब तक पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए कई आरोपियों का सीधा कांग्रेस पार्टी से संबंध है। इस पर कांग्रेस मौन क्यों है। उन्होंने कहा कि ऊना के संतोषगढ़, बसोली में नशे की खेप के साथ पकड़े गए आरोपी कांग्रेस पार्टी के कार्यकत्र्ता हैं। जिला में एक मिल से गायब पाई गई कई सौ क्विंटल गेहंू किसकी थी। इस पर कांग्रेस अब तक चुप क्यों है।

Punjab Kesari