सत्ती ने साधा निशाना, बोले-लोगों को लड़ाकर रखना कांग्रेस का एजैंडा

Wednesday, Feb 13, 2019 - 08:57 PM (IST)

इंदौरा (अजीज): लोगों को लड़ा कर रखना कांग्रेस का एजैंडा रहा है और उसी लड़ाई के माहौल में विकास के मुद्दे को गौण रखना यही कांग्रेस की नीति रही है। सबसे ज्यादा दंगे कांग्रेस के समय में हुए। देश को दंगों की आग में झोंकना और मुस्लिम तुष्टिकरण करने का काम हमेशा कांग्रेस ने किया है जबकि मुस्लिम भी उतने ही राष्ट्रवादी हैं, जितने अन्य और  बावजूद इसके कांग्रेस धर्मनिरपेक्षता के पैरोकार बनी हुई है। भाजपा पर जाति-धर्म के नाम पर राजनीति का आरोप लगाने वाले स्वयं जाति-धर्म को मुद्दा बनाकर चुनाव लड़ते रहे हैं। यह बात भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने इंदौरा के सूरजपुर में कही। वह भाजपा के धर्मपुर, हमीरपुर, नदौन, हड़सर विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी विस्तारकों के लिए रखे गए अल्पकालीन विस्तारक अभ्यास वर्ग कायक्रम को संबोधित कर रहे थे।

वीरभद्र के चुनावी क्षेत्र में भाजपा ने पहुंचाई सड़क

उन्होंने कहा कि वीरभद्र जहां से विजयी होते रहे वहां के लिए भी भाजपा ने ही सड़क पहुंचाई। उन्होंने कहा कि जिन प्रदेशों में कांग्रेस की सरकारें रहीं, सबसे ज्यादा दुर्गति उन्हीं प्रदेशों की हुई, जहां आज भी अधिकांश लोगों के पास मकान, शौचालय व सड़कें इत्यादी की सुविधा नहीं है। सत्ती उक्त कार्यक्रम में दूसरे सत्र में बतौर मुख्यातिथि सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में नूरपुर, फतेहपुर, ज्वाली व इंदौरा के पन्ना प्रमुखों ने भाग लिया। यहां पहुंचने पर भाजपा मंडल इंदौरा द्वारा उन्हें शॉल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया।

कार्यकर्ताओं को दिए टिप्स

उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को भी 24 फरवरी को भाजपा के पन्ना प्रमुख सम्मेलन को सफल बनाने के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाएं और किसी कार्यकर्ता का फोन बंद नहीं होना चाहिए। कार्यकर्ता याद रखें कि वे सामाजिक कार्यकर्ता हैं और रात को भी किसी जरूरतमंद को आपकी मदद की आवश्यकता पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि सेवा भाव से कार्य करें। इस अवसर पर प्रियव्रत शर्मा पूर्णकालिक विस्तारक कांगड़ा-चम्बा संसदीय क्षेत्र, जिला विस्तारक कुलदीप शर्मा, जिला प्रभारी उमेश दत्त, मंडल विस्तारक प्रवीण शास्त्री, बी.डी.सी. चेयरमैन रजिंद्र पठानिया, भाजपा मंडलाध्यक्ष इंदौरा घनश्याम सम्बयाल, महामंत्री अश्विनी शर्मा, उपाध्यक्ष अनीत कटोच, भाजयुमो उपाध्यक्ष सतविंद्र कटोच सहित अन्य गण्यमान्य उपस्थित रहे।

Vijay