सत्ती बोले-वर्चस्व की लड़ाई लड़ रहे अग्निहोत्री-सुक्खू झूठ बोलने में माहिर (Video)

Saturday, Aug 25, 2018 - 06:55 PM (IST)

ऊना (विशाल): कांग्रेस पार्टी में विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री और प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू दोनों ही वर्चस्व की लड़ाई लड़ रहे हैं और दोनों ही झूठ बोलकर प्रदेश भाजपा सरकार पर लांछन लगाने में माहिर हैं। यह बात भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने ऊना में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस इस समय नेता और नेतृत्व विहीन पार्टी बन कर रह गई है। कांग्रेस के कार्यक्रमों में पार्टी की फूट जगजाहिर हो रही है। कांग्रेस नेताओं में हताशा के भाव साफ झलक रहे हैं।

भाजपा सरकार जनता द्वारा चुनी हुई लोकतांत्रिक सरकार
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार जनता द्वारा चुनी हुई लोकतांत्रिक सरकार है लेकिन कांग्रेस अलोकतांत्रिक रवैया अपना रही है। शिमला के चौड़ा मैदान में युकां की रैली में भीड़ नहीं जुट पाई और इसी नाकामी को छिपाने के लिए पुलिस पर पथराव किया गया और बैरिकेड्स लांघे गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेता नाकामियों और आपसी खींचतान को छिपाने के लिए भाजपा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर अनर्गल आरोप लगाने में जुटे रहते हैं।

सबसे पहले ऊना जिला के हरोली से हुआ चिट्टे का आगमन
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में नशे और कानून व्यवस्था का राग अलापने वाली कांग्रेस यह भूल गई है कि प्रदेश में चिट्टे का आगमन सबसे पहले ऊना जिला के हरोली से हुआ, जहां कांग्रेस के मंत्री थे। यहां कई मौतें हुईं लेकिन नशे के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर नशे के खिलाफ अन्य राज्यों को लेकर कार्रवाई कर रहे हैं तो कांग्रेस को दिक्कत हो रही है।

कांग्रेस कार्यकाल में 3 मामले नहीं हुए सॉल्व
उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा कार्यकाल में कोई मामला पैंडिंग नहीं रहा था लेकिन ऊना जिला में कांग्रेस कार्यकाल में 3 मामले पुलिस सॉल्व नहीं कर पाई थी। इनमें से एक व्यक्ति को जला कर मार दिया गया था और एक लड़की की हत्या की गई थी। वहीं वन विभाग के अधिकारियों पर कातिलाना हमला किया गया था और ये तीनों ही मामले हरोली विस क्षेत्र में हुए थे।

किसी के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी सही नहीं
उन्होंने कहा कि ज्वाली के पूर्व विधायक नीरज भारती ने अशोभनीय टिप्पणियां की हैं और उनके खिलाफ विभिन्न थानों में शिकायतें दर्ज करवाई गई हैं। कुछ भाजपा के कार्यकर्ता भी इस तरह के कार्य कर रहे हैं, जिन पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि चाहे सोनिया गांधी हो या राहुल गांधी या चाहे भाजपा के वरिष्ठ नेता हों, किसी के खिलाफ राजनीतिक टिप्पणी तो हो सकती है लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी सही नहीं है।

Vijay