उपचुनावों में भाजपा की जीत के बाद सत्ती की कांग्रेस को नसीहत, जानिए क्या कहा

Thursday, Oct 24, 2019 - 06:00 PM (IST)

ऊना (अमित): हिमाचल प्रदेश में 2 विधानसभा क्षेत्रों धर्मशाला व पच्छाद में हुए उपचुनाव में मिली जीत के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने ऊना में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि धर्मशाला में कांग्रेस की ऐतिहासिक हार हुई है क्योंकि कांग्रेस का उम्मीदवार तीसरे नंबर पर रहा है। सत्ती ने कहा कि इन चुनावों में कांग्रेस का जो हश्र हुआ है यह कांग्रेस को अपनी नीतियों पर पुनर्विचार के लिए रैड सिग्नल है।

चुनाव परिणाम से पहले ही बहाने ढूंढ रही थी कांग्रेस

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर के आरोपों पर पलटवार करते हुए सत्ती ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के परिणाम से पहले ही बहाने ढूंढने शुरू कर दिए थे। अगर कांग्रेस के आरोपों में सच्चाई होती तो वह चुनाव आयोग को शिकायत करते। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं को झूठ के मुखिया भी करार दिया है। 

बागियों की पार्टी में वापसी का निर्णय सामूहिक सहमति के बाद

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के शेष 3 वर्षों में जनता की उम्मीदों पर खरा उतरकर भाजपा 2022 में दोबारा प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने उपचुनाव लडऩे वाले बागियों को पार्टी में लेने के सवाल पर कहा कि उन्हें पार्टी से बाहर करना सामूहिक निर्णय था और पार्टी में दोबारा वापसी का निर्णय भी सामूहिक सहमति के बाद होगा।

Vijay