सत्ती ने मुकेश अग्निहोत्री को दी चुनौती, बोले-दम है तो लड़ें MP का चुनाव

Wednesday, Jun 20, 2018 - 06:10 PM (IST)

ऊना (सुरेंद्र): भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि खुद को वीरभद्र से ज्यादा बड़ा नेता साबित करने के लिए कांग्रेस के कुछ नेता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। बुधवार को स्थानीय विश्रामगृह में पत्रकार वार्ता करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 5 माह में जितने केंद्र से प्रोजैक्ट हिमाचल के लिए स्वीकृत करवाए हैं, उतने प्रोजैक्ट कभी वीरभद्र सिंह ने 5 वर्ष के शासनकाल में भी मंजूर नहीं करवाए थे। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सरकार के दौरान हैलीकॉप्टर का प्रयोग निजी हितों के लिए होता था।


वीरभद्र ने केंद्रीय मंत्रियों से मिलने के बहाने हैलीकॉप्टर दिल्ली पहुंचाया
जब भी दिल्ली में वीरभद्र सिंह की अदालत में तारीख होती थी तो केंद्रीय मंत्रियों से मिलने के बहाने हैलीकॉप्टर को बार-बार दिल्ली ले जाया जाता था। उन्होंने कहा कि जब भी किसी मंच पर वीरभद्र ऊल-जुलूल टिप्पणियां करते हैं तो उनके चेले-चपाटे भी हदें लांघते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 5 वर्षों के दौरान माइनिंग और चिट्टा माफिया का हिमाचल में बोलबाला था। कुछ लोगों ने सत्ता के नशे में व्यवस्थाओं को चकनाचूर कर दिया था और यहां तक कि मैरिट को भी दरकिनार कर दिया था।


भाजपा ने 5 वर्ष सरकार चलाकर दिखाई तो अग्निहोत्री छोड़ें राजनीति
उन्होंने कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री को चुनौती दी है कि यदि उनमें दम है तो वह लोकसभा चुनाव लड़कर देख लें। उन्होंने कहा कि मुकेश अग्निहोत्री 5 वर्ष तक सरकार चलाने और लोकसभा चुनावों के बाद देख लेने की धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा ने 5 वर्ष सरकार चलाकर दिखाई तो अग्निहोत्री राजनीति छोड़ें और यदि 5 वर्ष सरकार न चली तो वह राजनीति छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि 5 वर्ष तो क्या भाजपा सरकार को रिपीट करके दिखाएगी।


बड़े नेताओं का आदर-सत्कार करना दरबारी नहीं
उन्होंने कहा कि बड़े नेताओं का आदर-सत्कार करना दरबारी होना नहीं है। क्या कांग्रेसी अपने नेताओं का सत्कार नहीं करते हैं। क्या वह उनसे मिलने नहीं जाते हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का बड़े नेताओं का आदर करना संस्कृति और सभ्यता का प्रमाण है। इस पर कांग्रेस के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अंदरूनी हालत खराब हो चुकी है। वीरभद्र सिंह सहित एक धड़ा सुक्खू को हटाने के लिए लगातार बयानबाजी कर रहा है। वीरभद्र सिंह और उनके चेलों ने अपने पार्टी के अध्यक्ष जोकि पार्टी की संवैधानिक व्यवस्था होती है उसको कभी नहीं माना है। वास्तव में कांग्रेस का यही कल्चर है जबकि भाजपा मिल-जुलकर सभी नेताओं के सत्कार और संवैधानिक व्यवस्था के साथ काम करती है।


खुलासे करने पर आए तो कइयों की राजनीति खतरे में पड़ जाएगी
भाजपाध्यक्ष ने कहा कि अब प्रदेश में झूठ और लूट की राजनीति नहीं चलेगी। अभी उन्होंने मुंह नहीं खोला है। यदि जरूरत पड़ी तो वह बताएंगे कि कौन चुनावों में शराब और पैसा बांटकर नेता बनता है। उन्होंने कहा कि उन्हें सब पता है और यदि खुलासे करने पर आए तो कइयों की राजनीति खतरे में पड़ जाएगी। उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत हमलों के पक्षधर नहीं हैं। विपक्ष भी संयम बरते। जनता ने उसे सत्ता से बाहर किया है। अभी तो 5 माह हुए हैं। सरकार 5 वर्ष चलेगी और फिर रिपीट होगी। कांग्रेस नेताओं को लम्बे समय तक सत्ता में आने के लिए इंतजार करना पड़ेगा। ऐसे में वह संयम से काम लें न कि तिलमिलाएं।

Vijay