सतपाल सत्ती ने कसा तंज, बोले-जो टिकटें खरीद सकते हैं, वे बिक भी सकते हैं

Saturday, Nov 26, 2022 - 11:42 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा है कि कांग्रेस के नेता नतीजों से पहले ही मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। पत्रकारों से बातचीत में सत्ती ने कहा कि चुनाव से पहले ही खरीद-फरोख्त की चिंता कांग्रेस नेतृत्व से लेकर प्रदेश के नेताओं को सता रही है। पहले ये ऐसे बयान दे रहे हैं कि उनके विधायक खरीदे जा सकते हैं। सत्ती ने तंज कसा कि जब कांग्रेस पार्टी में टिकटें बिक सकती हैं, टिकटों की खरीद-फरोख्त हो सकती है तो फिर हाईकमान को पता है कि टिकटें खरीदने वाले खुद भी बिक सकते हैं। शायद इसी आशंका के चलते पहले से ही विधायकों को छत्तीसगढ़ और दूसरे स्थलों में रखने के बयान दिए जा रहे हैं। आखिर कांग्रेस नेताओं को कैसे पता है कि उनके विधायक बिक सकते हैं। चुनाव से पहले ही ऐसी आशंका क्यों है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहली बार हुआ जब पूरी प्रदेश कांग्रेस को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और शुक्ला द्वारा हाईजैक कर लिया गया। वीरभद्र सिंह के बाद ऐसी स्थिति पहली बार हुई है कि बाहरी लोगों ने यहां कांग्रेस को ठेके पर ले लिया। कई पुराने दिग्गजों को दरकिनार कर दिया गया और जो जोड़-तोड़ के जरिए खरीद-फरोख्त कर पाए, वे कांग्रेस में टिकटें ले गए।

मुख्यमंत्रियों की बाढ़, नतीजों का तो इंतजार कर लो
सत्ती ने कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के लिए होड़ मची है। कांग्रेसी जल्दबाजी में हैं और नतीजों का इंतजार किए बिना ही एक से बढ़कर एक दिल्ली दरबार पहुंच कर खुद को मुख्यमंत्री के रूप में पेश कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्रियों की बाढ़ आ चुकी है। सत्ती ने कहा कि कांग्रेस की स्थिति ऐसी हो गई है कि मानों कोई रेल से छूट न जाए। कम से कम चुनाव नतीजों का तो इंतजार कर लेना चाहिए।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay