सतपाल सत्ती ने कांग्रेस पर बोला जुबानी हमला, कह डाली ये बड़ी बात

Sunday, Mar 17, 2019 - 09:27 PM (IST)

गगरेट (बृज): रविवार को भाजपा मंडल गगरेट द्वारा गगरेट में त्रिदेव सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने चुनावों के लिए कार्यकत्र्ताओं को जरूरी टिप्स देते हुए फील्ड में डट जाने का आह्वन किया। उन्होंने कहा कि यह भूल जाएं कि कौन चुनाव लड़ रहा है लेकिन देश को ताकतवर बनाने के लिए राष्ट्रवाद के नाम पर भाजपा प्रत्याशियों के हक में मतदान करें। उन्होंने कांग्रेस पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि 70 वर्षों से कांग्रेस क्षेत्रवाद, जातिवाद व सांप्रदायिकता की राजनीति करती आई है। कांग्रेस ने लोगों को लड़ाने का ही काम किया। इसके विपरीत भाजपा विकास की राजनीति लेकर आगे आई।

कांग्रेस ने खत्म नहीं होने दी गरीबी व अशिक्षा

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने गरीबी व अशिक्षा को खत्म होने ही नहीं दिया क्योंकि कांग्रेस को डर था कि अगर लोग पढ़-लिख गए तो वह राज कैसे करेगी। उन्होंने कहा कि रायबरेली व अमेठी सीटें जिन पर लगातार गांधी परिवार ही जीतता आया, उन क्षेत्रों को भी गांधी परिवार ने पिछड़ा बनाकर रखा और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में इन क्षेत्रों में कई लोगों को बिजली के कनैक्शन मिल पाए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वन किया कि इस समय आपसी मनमुटाव भूल जाएं और 2 महीने राष्ट्र हित में काम करें ताकि देश को फिर से नरेंद्र मोदी के रूप में सशक्त नेतृत्व मिल सके।

23 मार्च से घर-घर लगाए जाएंगे पार्टी के झंडे

उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह के शहीदी दिवस पर 23 मार्च से लेकर 7 अप्रैल तक भाजपा कार्यकर्ता घर-घर दस्तक देकर पार्टी के झंडे लगाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश देंगे। इसी के साथ भाजपा प्रदेश के 252 जिला परिषद वार्डों में सम्मेलन आयोजित करेगी।

Vijay