मानसिक संतुलन खो चुकी ममता करवाएं दिमाग का इलाज: सत्ती

Wednesday, May 15, 2019 - 04:38 PM (IST)

ऊना (विशाल): भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो पर हमला और आगजनी ममता बनर्जी के इशारे पर हुई है और इस पर चुनाव आयोग को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। हार के डर से अपना मानसिक संतुलन खो चुकी ममता बनर्जी को अपने दिमाग का इलाज कराना चाहिए। यह बात यहां जारी बयान में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कही। उन्होंने कहा कि पूरे देश मेें 6 चरणों में चुनाव प्रक्रिया आमतौर पर शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई। लेकिन हिंसा, आगजनी और लूटपाट सिर्फ पश्चिम बंगाल में टी.एम.सी. के गुंडों ने भाजपा की बढ़त रोकने के लिए की। ऐसा लगता है कि उनका भारतीय संविधान, लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया में कोई विश्वास नहीं है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और हत्या के लिए कोई स्थान नहीं है। 

चुनावों के दौरान पश्चिम बंगाल में भाजपा के खिलाफ ममता बनर्जी की हिंसा की राजनीति ने कुख्यात मार्क्सवादी राज की याद दिला दी। वह भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की रैलियों और उनके हैलीकॅाप्टरों को उतरने की अनुमति देने से भी इंकार करती रही है। इससे यह भी स्पष्ट हो गया कि भाजपा इस बार बंगाल में आशा से अधिक सफलता प्राप्त करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता में आने से रोकना अब गुंड़ों के वश की बात नहीं है। उन्होंने चुनाव आयोग से ममता बनर्जी और टी.एम.सी. के खिलाफ कड़ी कार्रवाई मांग की। उन्होंने कहा कि आयोग ने ममता बनर्जी के खिलाफ भाजपा द्वारा पहले की गई शिकायतों का भी कोई संज्ञान नहीं लिया। यह भाजपा के साथ ही नहीं बल्कि लोकतंत्र की भावना के साथ भी अन्याय है।

Ekta