कांग्रेस झूठ और लोगों को गुमराह करने की करती आई राजनीति: सत्ती

Tuesday, Jul 30, 2019 - 10:25 AM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी हमेशा झूठ और लोगों को गुमराह करने की राजनीति करती आई है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए सत्ती ने कहा कि फरेब की राजनीति करना कांग्रेस पार्टी की पुरानी फितरत रही है। हिमाचल में जमीन को बेचने के आरोप कांग्रेस पार्टी के नेता लगा रहे हैं जबकि अब तक एक इंच भी जमीन न तो किसी को दी गई है और न ही बेची गई है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर झूठ फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर मृत कांग्रेस को जिंदा करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी गुमराह करने वाली राजनीति नहीं चलेगी।

सत्ती ने कहा कि बी.पी.एल. परिवारों को खत्म करने के नाम पर कांग्रेस पार्टी झूठा प्रचार कर रही है। नेता प्रतिपक्ष इस मामले पर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं। भाजपा किसी भी बी.पी.एल. परिवार को हटाने के लिए नहीं बल्कि गरीबी रेखा से लोगों को ऊपर करने के लिए काम कर रही है। बी.पी.एल. परिवार के कार्डधारकों को हटाने का मतलब है कि जो लोग वर्षों से इसका लाभ ले चुके हैं उनकी जगह उन लोगों को शामिल किया जाए जो वास्तव में जरूरतमंद हैं और बी.पी.एल. में शामिल नहीं किए जा सके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठ का प्रचार कर पार्टी की हुई हार से नहीं उभर सकती है। 

Ekta