त्रिदेव सम्मेलन में सतपाल सत्ती की टिकटार्थियों को दोटूक, कहा-BJP में नहीं चलेगा लॉबिंग सिस्टम

Sunday, Jul 21, 2019 - 06:46 PM (IST)

धर्मशाला (जिनेश): भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने त्रिदेव सम्मान सम्मेलन के मंच से धर्मशाला उपचुनाव में टिकट हासिल करने के लिए अंदरखाते नूराकुश्ती में लगे नेताओं को दोटूक नसीहत दी है। सत्ती ने साफ कहा है कि भाजपा में टिकट के लिए लॉबिंग सिस्टम नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा में टिकट के लिए आवेदन की प्रक्रिया 7 साल पहले ही खत्म कर दी है और टिकट केवल हाईकमान तय करता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली जाकर टिकट की पैरवी करने का कोई फायदा नहीं होगा। पार्टी उपचुनाव में उसी कार्यकर्ता को टिकट देगी जो पार्टी के लिए समर्पित भाव से कार्य करता होगा।

दावेदारी जताई तो पहले ही कट जाएगा टिकट

सत्ती ने तल्ख तेवर दिखाते हुए कहा कि जिस किसी ने टिकट के लिए दावेदारी जताई उसका टिकट पहले ही कट जाएगा। उन्होंने कहा कि उपचुनाव को लेकर कार्यकत्र्ता अति आत्मविश्वास में ना रहें। पार्टी लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के चलते जीती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता खुद को पार्टी से ऊपर न समझें, पार्टी से ही हरेक कार्यकर्ता का वजूद है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में धर्मशाला से 18 हजार वोटों की बढ़त मिली थी। उपचुनाव में यह बढ़त 20 हजार से अधिक करने के लिए कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं।

लोकसभा चुनावों में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं का सबसे बड़ा योगदान

वहीं सम्मेलन में प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा ने संगठन के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनावों में जीत मोदी लहर के चलते मिली है लेकिन इसमें बूथ स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं का सबसे बड़ा योगदान है। सम्मेलन में सांसद किशन कपूर और के.सी.सी.बी. के चेयरमैन राजीव भारद्वाज व कांगड़ा जिलाध्यक्ष संजय चौधरी भी मौजूद रहे।

क्षेत्रीय पार्टी बनती जा रही है कांग्रेस

इस मौके पर सत्ती ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि हम तो चाहते हैं कि देश में एक सशक्त विपक्ष के लिए कांग्रेस सही ढंग से काम करे लेकिन कांग्रेस राष्ट्रीय पार्टी होकर भी क्षेत्रीय मुद्दे उठाने लगती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता जिस तरह भाजपा का दामन थाम रहे हैं, उससे लगता है कि आने वाले दिनों में कहीं राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी कहीं भाजपा में शामिल न हो जाएं।

Vijay